केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में कवरेज कर रहे पत्रकार से टीआई का अभद्रता, कमर पकड़कर खींचने का, लगा आरोप…

पत्रकार मुकेश मेहता ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री सहित राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी शिकायत…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
सीहोर /रेहटी – रेहटी में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार के साथ थाना प्रभारी द्वारा अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है।

अधिमान्य पत्रकार मुकेश कुमार मेहता ने रेहटी थाना प्रभारी टीआई हिमलेंद्र सिंह पटेल पर कमर ने हाथ डालकर पकड़कर खींचने, धक्का देने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पत्रकार ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्यवाही की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 22 नवंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रेहटी में शासकीय सांदीपनी स्कूल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। मेहता अपने पत्रकार साथियों के साथ कार्यक्रम की कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान रेहटी थाना प्रभारी ने पीछे से कमर मे हाथ डाल कर पकड़कर एक तरफ खींचा और धक्का देकर दूर कर दिया।

मेहता का आरोप है कि जब उन्होंने स्वयं को पत्रकार बताते हुए कार्यक्रम की कवरेज करने की बात कही, तो थाना प्रभारी ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया और उनकी पत्रकारिता को लेकर धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि अधिकारी ने कथित तौर पर उनकी पत्रकारिता कहीं और दिखाने की बात कही।

समाचारों मे प्रकाशित खबरो की नाराजगी के चलते किया व्यवहार…

मेहता ने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली और अनियमितताओं से संबंधित समाचार अखबारो मे प्रशासित की थी। इस संबंध में जिला सीहोर के एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे को भी मौखिक शिकायत किए जाने की बात कही गई है।

पत्रकार का आरोप है कि समाचारों से नाराजगी के चलते उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाया जा सकता है या किसी अन्य तरीके से प्रताड़ित भी किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक भेजी शिकायत –

पत्रकार मुकेश कुमार मेहता ने इस मामले में मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन भोपाल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल, आयुक्त जनसंपर्क संचालनालय भोपाल, पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक मध्यप्रदेश पुलिस ग्रामीण भोपाल, पुलिस अधीक्षक जिला सीहोर तथा एसडीओपी बुधनी को आवेदन भेजकर घटना से अवगत कराया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली को भी शिकायत भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

20 साल से कर रहे पत्रकारिता –

मुकेश कुमार मेहता मध्यप्रदेश शासन से अधिमान्य पत्रकार हैं और करीब 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे न्यूज 24 (MPCG) में बुधनी विधानसभा ब्यूरो के रूप में कार्यरत हैं तथा ‘द सीहोर न्यूज़’ के एडिटर इन चीफ हैं।

मुकेश मेहता ने शिकायत में कहा है कि पत्रकारिता का उद्देश्य जनहित के मुद्दों को सामने लाना और आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। यदि समाचारों से नाराज होकर पुलिस अधिकारी पत्रकारों को डराने या अपमानित करने का प्रयास करेंगे, तो निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होगी।

स्वतंत्र जांच और सुरक्षा की मांग –

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग सहित संबंधित अधिकारियों को भेजे गए आवेदन में घटना की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने, कार्यक्रम स्थल के सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो सुरक्षित रखने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने तथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्यवाही करने की मांग की गई है। इसके साथ ही पत्रकार ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही से बचाने की मांग भी की है।

पत्रकार मुकेश मेहता का कहना है कि मामला केवल व्यक्तिगत अपमान का नहीं, बल्कि पत्रकार की गरिमा, सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार से जुड़ा है। अब शिकायत पर संबंधित अधिकारियों की जांच और कार्यवाही को लेकर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!