अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
भैरूंदा- भारती विद्या मंदिर इंटरनेशनल स्कूल, भैरूंदा में गरिमामय वातावरण में इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीओपी भैरूंदा, विद्यालय के निदेशक एवं प्राचार्य द्वारा श्रीमती निर्मला देवी के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रहा। विद्यालय के राष्ट्रपति श्रेयन यादव, उपराष्ट्रपति केशव यादव, डिसिप्लिन मिनिस्टर उत्कर्षी राजपूत सहित अन्य छात्र मंत्रियों को विद्यालय के प्राचार्य आशीष चौधरी द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीओपी भैरूंदा रोशन जैन ने CBSE Board में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट एवं लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय के निदेशक विनय यादव ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं श्रेष्ठ संस्कारों के साथ आगे बढ़ने तथा समाज का एक जिम्मेदार और अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि रोशन जैन ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
