ग्राम पंचायत रिछड़िया में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का भव्य शुभारंभ, प्रभारी राजेश लखेरा ने दिलाई स्वच्छता की शपथ…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
भैरूंदा – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर आज ग्राम पंचायत रिछड़िया में राष्ट्रीय अभियान “स्वच्छता ही सेवा” का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अभियान प्रभारी के रूप में राजेश लखेरा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके तुरंत बाद अभियान प्रभारी राजेश लखेरा व स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पंचायत परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत श्रमदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य भूमिका निभाते हुए अभियान प्रभारी राजेश लखेरा ने उपस्थित सभी ग्रामीण जनों, युवाओं और जन समुदाय को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी राजेश लखेरा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का दायित्व नहीं है, बल्कि इसे हमें अपने जीवन के संस्कार में शामिल करना होगा। बापू का सपना एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत का था, जिसे हम सभी के सामूहिक प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर के साथ-साथ अपने परिवेश को साफ रखने की जिम्मेदारी उठानी होगी।
इस गरिमामयी अवसर पर दीप सिंह पवार, लोकेश पटेल, सचिव रामकृष्ण पंवार, भविष्य पंवार, सतीश पंवार, सुन्दर चौधरी, ममता मालवीय, मोहित पवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और ग्रामीण जन उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी ऊर्जा के साथ इस अभियान को सफल बनाने और गाँव को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!