लाड़कुई के जैन कृषि सेवा केंद्र का लाइसेंस निरस्त…
निर्धारित दर से अधिक दर पर उर्वरक विक्रय करने वाले विक्रेता का लाइसेंस निरस्त…
अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
सीहोर – जिले में उर्वरक विक्रय में अनियमितताओं के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए किसान कल्याण तथा कृषि विकास के उप संचालक ने लाडकुई के मेसर्स जैन कृषि सेवा केंद्र का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। जांच में पाया गया कि विक्रेता द्वारा डीएपी उर्वरक निर्धारित दर 1,350 रुपये प्रति बोरी के स्थान पर 1,450 रुपये प्रति बोरी की दर से बेचा जा रहा था। किसानों को नियमानुसार नगद अथवा उधार ज्ञापन (फॉर्म-एम) उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था, इसके चलते कईं अनियमितताए भी पाई गई।

इन अनियमितताओं के संबंध में विक्रेता को 08 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय तक कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास अशोक कुमार उपाध्याय ने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 की धारा 31 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए, मेसर्स जैन कृषि सेवा केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। साथ ही संबंधित विक्रेता को निर्देशित किया गया है कि उर्वरक विक्रय संबंधी शेष स्टॉक का 30 दिवस के भीतर नियमानुसार निराकरण कराएं। ऐसा नहीं करने पर शेष स्टॉक को राजस्व अधिकारी के माध्यम से जब्त कर लिया जाएगा।
बता दे कि विगत माह किसान द्वारा ई-टोकन के माध्यम से खाद बुक किया था और निर्धारित तारीख पर खाद लेने के लिए दुकान पर पहुंचा। वही किसान का आरोप है कि खाद देने के एवज में उससे निर्धारित दर के अतिरिक्त 100 रूपए प्रति बोरी की मांग दुकान संचालक द्वारा की गई।
इस पर किसान ने अतिरिक्त राशि देने से आपत्ति जताई और सवाल किया कि जब ई-टोकन के माध्यम से खाद बुक की गई है और खाद की निर्धारित दर तय है, तो अतिरिक्त राशि क्यों दी जाए। जिसपर किसान और दुकान संचालक के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल नेटवर्क पर वायरल हो रहा है।
मामले को लेकर कृषि विभाग सीहोर के उपसंचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो और किसान के लिखित आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की बात कही गई थी।
वही उक्त संदर्भ मे कार्यवाही करते हुए, उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास अशोक कुमार उपाध्याय ने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 की धारा 31 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए, मेसर्स जैन कृषि सेवा केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
