दीपावली की खुशियों पर आग ने फेरा पानी, पलभर में राख हो गई जिंदगीभर की गृहस्थी

अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
लाड़कुई – दीपावली के त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारियों में जुटे एक परिवार पर अचानक मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्राम लाड़कुई में रविवार दोपहर करीब 01 बजे अज्ञात कारणों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे निवासरत विजय मालवीय के मकान में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं सहित अनाज व अन्य सामान जलकर राख हो गया। आगजनी में परिवार को लाखो रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, विजय मालवीय के परिवार में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक घर से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। आग को तेजी से फैलता देख परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकले और पड़ोसियों को मदद के लिए आवाज लगाई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बोरवेल एवं आसपास उपलब्ध पानी से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद भैरूंदा से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश गृहस्थी का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

दीपावली से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ –

जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब आगजनी के बाद बर्बादी का मंजर दिखाई दे रहा था। त्यौहार से ठीक पहले हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाया गया गृहस्थी का सामान कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गया। आग लगने के कारण का फिलहाल पता नही लग पाया है।

प्रशासन से तत्काल सर्वे और आर्थिक सहायता की मांग –

अचानक हुई इस आगजनी से पीड़ित परिवार के सामने दोबारा गृहस्थी बसाने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में प्रशासन से मांग है कि राजस्व विभाग के पटवारी एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आगजनी से हुए नुकसान का निरीक्षण कर विधिवत पंचनामा तैयार किया जाए। साथ ही नुकसान का उचित आकलन कर शासन के आपदा राहत प्रावधानों के तहत पात्रता अनुसार आर्थिक सहायता एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, ताकि दीपावली के इस त्यौहार पर संकट में घिरे परिवार को कुछ राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!