ग्राम लाड़कुई में भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर निकला भव्य आदिवासी चल समारोह…

क्षेत्र के आदिवासी समाज ने उत्साह और एकजुटता के साथ मनाई जयंती, आदिवासी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला भी हुईं शामिल…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
लाड़कुई। आदिवासी जननायक एवं स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ग्राम लाड़कुई में भव्य आदिवासी चल समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आसपास के लगभग 50 गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग एकत्रित हुए।

चल समारोह में भगवान बिरसा मुंडा का स्वरूप धारण किए एक बालक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं आकर्षक रथ यात्रा, ओर डीजे पर गूंजते पारंपरिक आदिवासी गीतों और समाजजनों के उत्साहपूर्ण नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

भव्य चल समारोह दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर फॉरेस्ट रोड, बस स्टैंड एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने से होते हुए हाईवे तक पहुंचा। इसके बाद पुनः फॉरेस्ट रोड से होते हुए दशहरा मैदान की ओर रवाना हुआ। रास्ते भर समाजजनों का उत्साह और पारंपरिक संस्कृति के प्रति उनका प्रेम देखने को मिला।

कार्यक्रम में आदिवासी वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला सहित आसपास के क्षेत्र के आदिवासी समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

चल समारोह के समापन के पश्चात दशहरा मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज भी समाज को अपने अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!