अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
भैरुंदा– भैरूंदा – सीहोर मुख्य मार्ग पर चलती कार में अचानक लगी आग, कुछ ही पलों में कार धु-धु कर जलने लगी, सड़क पर मची अफरा-तफरी, देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

गौरतलब है कि इछावर से लाड़कूई की ओर जा रही एक लग्जरी कार में नादान घाट पर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इछावर की ओर से आ रही ग्रैंड विटारा कार से अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका और चलती कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। कार में सवार अन्य लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जल गया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आग और धुएं के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को नियंत्रित किया गया।
