अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
सीहोर – कुबेरेश्वर धाम में दिनांक 14 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव आज पूर्णतः सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद संपूर्ण आयोजन के दौरान कहीं भी अव्यवस्था, जाम या किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई, जो पुलिस एवं प्रशासन की उत्कृष्ट योजना एवं सतत मॉनिटरिंग को दर्शाती है।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से अधिकारियों की सजगता, सक्रियता एवं नेतृत्व क्षमता ने व्यवस्थाओं को मजबूती प्रदान की। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, महिला सहायता, यातायात प्रबंधन एवं समन्वय जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन अत्यंत कुशलता से किया। उनकी संवेदनशीलता एवं तत्परता के कारण महिला श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा एवं सुरक्षा का अनुभव हुआ।

महोत्सव को दृष्टिगत रखते हुए लगभग 1400 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्यापक बल तैनात किया गया था। समस्त बल को पूर्व में ब्रीफिंग देकर ड्यूटी संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रमुख प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों, कथा पंडाल, भोजनशाला, मुख्य मार्गों तथा हाईवे क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इसके अतिरिक्त अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र एवं कंट्रोल रूम स्थापित कर सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया था। भोपाल-इंदौर हाईवे पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू कर वाहनों का सुगम आवागमन सुनिश्चित किया गया। पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित निर्धारण किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रित एवं व्यवस्थित रही।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की गई। आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस एवं मेडिकल सहायता केंद्रों की व्यवस्था भी उपलब्ध रही।

वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती रही, जिससे प्रत्येक स्तर पर अनुशासन एवं समन्वय बना रहा। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की सुनियोजित रणनीति, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीमवर्क के कारण रुद्राक्ष महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

