अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
भैरूंदा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर लाड़कुई स्थित लिटिल फ्लावर कान्वेंट स्कूल में छात्राओं के लिए राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया और विभिन्न रंगों एवं आकर्षक डिजाइनों से सुंदर-सुंदर राखियां तैयार कीं।

छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई गई राखियों में कला एवं सृजनात्मकता का बेहतर प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल रहा। शिक्षकों ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए रक्षाबंधन पर्व के महत्व के बारे में जानकारी दी।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट राखियां बनाने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया।
