अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
बुदनी – सीहोर सामान्य वनमंडल के अन्तर्गत वन परिक्षेत्र सामान्य लाडकुई के परिसर घुटवानी के कक्ष क्रमांक 371 आर.एफ. में कूप क्रमांक VII घुटवानी SCI क्षेत्रफल 136.773 हेक्टेयर एवं परिसर सिराड़ी के कक्ष क्रमांक 387 आर.एफ. में कूप क्रमांक VII सनकोटा IWC क्षेत्रफल 118.558 हेक्टेयर में श्रीमति अर्चना पटेल (भा.व.से.) वनमंडलाधिकारी (DFO) सीहोर के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के अनुरूप में कूप विदोहन एवं वैज्ञानिक लॉगिंग सम्बन्धी परिक्षेत्र लाड़कुई में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में कूपों में वृक्षों की कटाई एवं विदोहन की निर्धारित प्रक्रिया, बाजार की माँग के अनुरूप लकड़ी की गुणवत्ता का आकलन, विभिन्न श्रेणियों में ग्रेडिंग तथा अधिकतम मूल्य प्राप्त करने की दृष्टि से वैज्ञानिक पद्धति में लॉगिंग करने के संबंध में वनमंडल उत्पादन हरदा में पदस्थ कमलेश धनकर वनरक्षक मास्टर ट्रेनर द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर मौके पर ही विभिन्न प्रकार की लकड़ियों की श्रेणी एवं अनुमानित मूल्य को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग लम्बाई एवं गोलाई में लॉगिंग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, बाजार की माँग एवं लकड़ी की गुणवत्ता के अनुरूप उचित ग्रेडिंग और लॉगिंग अपनाकर एक ही वृक्ष से अधिकतम उपयोगी इमारती लकड़ियाँ प्राप्त की जा सकती है। जिससे बेहतर मूल्य एवं शासन के राजस्व में अधिकतम वृद्धि की जा सकें।

कार्यशाला में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया। परिक्षेत्राधिकारी / कूप प्रभारियों को विदोहन कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा लकड़ी का समयबद्ध शासकीय काष्ठगार परिवहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। ताकि वनोपज का समय पर घोष विक्रय किया जा सके।
कार्यशाला में श्रीमति कृतिका जायसवाल (भा.व.से.) उपवनमंडलाधिकारी सामान्य सीहोर, रामकृष्ण चौधरी उपवनमंडलाधिकारी सामान्य बुदनी, राजेश शर्मा उपवनमंडलाधिकारी उत्पादन सीहोर, दीपक तिरपुड़े उपवनमंडलाधिकारी उत्पादन बुदनी एवं समस्त वन परिक्षेत्र अधिकारी सामान्य /उत्पादन, काष्ठागार अधिकारी सीहोर /बुदनी तथा वनमंडल सीहोर के समस्त कूप प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विदोहन प्रक्रिया में गुणवत्ता, दक्षता एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण को अपनाते हुए उपलब्ध वन उपज से अधिकतम राजस्व प्राप्त करना तथा कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।
विदोहन कार्यशाला में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं उपस्थित कूप प्रभारियों का प्रकाशचंद्र उइके वनपरिक्षेत्र अधिकारी लाडकुई द्वारा आभार व्यक्त किया।
