वायरल CCTV वीडियो और कथित वसूली के आरोपों से मचा था पुलिस महकमे में हड़कंप, अब मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्यवाही के निर्देश…
अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
सिवनी। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाले वायरल CCTV वीडियो मामले में अब बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पूरे प्रकरण पर सख्त रुख अपनाते हुए ASP, SDOP सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं।

क्या है पूरा मामला ?
पूरा मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का बताया जा रहा है। होटल में ठहरे एक बालिग युवक-युवती से पूछताछ के दौरान पुलिस अधिकारियों की कथित बातचीत का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में कथित तौर पर तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी नजर आ रहे हैं। वायरल फुटेज में युवक के बैग में गांजा रखकर उसे झूठे मामले में फंसाने जैसी कथित बातचीत सुनाई देने का दावा किया गया है।
होटल संचालक ने भी लगाए, अवैध वसूली के आरोप –
इस मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर होटल संचालन के बदले हर महीने पैसे मांगने और परेशान करने के आरोप लगाए। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पहले लाइन अटैच, अब निलंबन की बड़ी कार्यवाही-
वीडियो सामने आने के बाद सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने प्रारंभिक कार्यवाही करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर जांच शुरू कराई थी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्तर पर भी जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे बढ़ा, अब मुख्यमंत्री के ताजा बयान के अनुसार ASP, SDOP सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों के निलंबन के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

