
खातेगांव- देवास जिले के संदलपुर से एक दिल देहला दे ऐसा मामला सामने आया है, खेत में पानी देने को लेकर एक जेठ ने अपनी बहू पर फावड़े से हमला कर दिया। शनिवार सुबह की इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल हो रहा है।
बता दे कि घटना के समय सुनीता गुर्जर अपने बेटे सचिन के साथ खेत में काम कर रही थीं। उनके जेठ कैलाश गुर्जर भी पास के खेत में था। सुनीता ने कैलाश से कहा कि दोनों खेतों के बीच एक ही मोटर है, इसलिए बारी-बारी से पानी का उपयोग कर सकते हैं। इस बात पर कैलाश ने पहले गालियां दीं और फिर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई, तो वही बेटा भी घायल हो गया।
हमले में सुनीता के हाथ की हड्डियां टूट गईं। उनके सिर, पीठ और पेट में भी गंभीर चोटें आईं। बचाव में आए बेटे सचिन को भी कैलाश ने थप्पड़ मारे और उसे पीठ व हाथ में चोटें आईं। आरोपी ने धमकी दी, कि अगर दोबारा पानी को लेकर बात की तो जान से मार देगा।
स्थानीय लोगों ने घायल सुनीता को पहले खातेगांव सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हरदा रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने हाथ का ऑपरेशन करने की सलाह दी है। बेटे की शिकायत पर थाना खातेगांव ने केस दर्ज कर विवेचना मे लिया गया है।
वही खातेगांव टीआई विक्रांत झांझोट ने बताया कि पुलिस ने सचिन की शिकायत पर कैलाश के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद और धाराएं जोड़ी जाएंगी।
