स्व.श्री नारायण दास अग्रवाल की स्मृति में…
भैरूंंदा- स्वर्गीय श्री नारायण दास जी अग्रवाल की स्मृति में आयोजित बोरखेड़ा प्रीमियर लीग बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन की शुरुआत नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष अनीता राजेश लखेरा एवं वर्तमान उपाध्यक्ष प्रतिभा रितेश मकवाना की उपस्थिति में की गई।

बालिकाओं के लिए विशेष रूप से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष अनीता लखेरा ने आयोजन समिति को बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि “यह एक अत्यंत सराहनीय पहल है, जो बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस आयोजन से बेटियों के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे। ”केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान बेटियों को शासकीय सेवाओं में आरक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा में लाने का कार्य किया। आज वही बेटियां खेल से लेकर शिक्षा, विज्ञान और प्रशासन तक हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों, स्कूली छात्राओं, गणमान्य नागरिकों व खेलप्रेमियों की उपस्थिति रही। उद्घाटन मैच में बालिका खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता।
