अमित शर्मा, लाड़कुई/ भैरूंदा
भैरूंदा – दिनांक 24.07.2026 को सूचनाकर्ता निवासी ग्राम टिगाली द्वारा थाना भैरूंदा को सूचना दी गई कि ग्राम टिगाली स्थित कटरा घाट पर नर्मदा नदी किनारे एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ है।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैरूंदा रोशन जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भैरूंदा निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में भैरूंदा पुलिस ने त्वरित एवं सटीक कार्यवाही करते हुए तत्काल मौके पर पहुँचकर शव को नदी से बाहर निकला ओर पंचों की उपस्थिति में शव का पंचनामा तैयार किया गया। मृतक के शरीर पर केवल काले रंग की अंडरवियर थी। बाएँ हाथ में सिल्वर धातु का कड़ा एवं गले में धागे की माला, शव का सूक्ष्म निरीक्षण करने पर शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट बाहरी चोट नहीं पाई गई। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान हेतु सिविल अस्पताल भैरूंदा की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया।
अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए थाना भैरूंदा पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए गए। इसी दौरान ई-रक्षक ऐप के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई कि दिनांक 21.07.2026 को गौशाला घाट, ग्राम आहारखेड़ा, थाना माखन नगर में रक्षत उर्फ रामू पिता चंदर पठारिया (कतिया), उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गोहना देरईया, थाना सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम, नर्मदा नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया था, जिसकी रिपोर्ट थाना माखन नगर में दर्ज थी।
थाना माखन नगर के विवेचना अधिकारी तरुण चंदेल से संपर्क कर शव के हुलिए का मिलान कराया गया, जो डूबे हुए युवक रक्षत उर्फ रामू से मेल खाता पाया गया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना देकर थाना भैरूंदा बुलाया गया। मृतक के पिता चंदर पठारिया अपने पुत्रों बसंत एवं अभिषेक के साथ थाना भैरूंदा पहुँचे। उन्हें मॉर्चुरी में शव दिखाया गया, जहाँ उन्होंने शव की पहचान अपने पुत्र रक्षत उर्फ रामू पिता चंदर कतिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गोहना देरईया, थाना सोहागपुर, जिला नर्मदापुरम के रूप में की।
इसके उपरांत पंचों की उपस्थिति में शव पहचान पंचनामा तैयार कर समस्त वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।
