देश के 544 रेलवे स्टेशन पुनर्विकास के लिए चुने गए हैं। इसमें मध्य प्रदेश के 33 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास भी शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मप्र को भी रेल परियोजनाओं की सौगात देंगे। आज मोदी देश की अनेक रेल परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास करने वाले हैं। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे होना है। उल्लेखनीय है कि देश के 544 रेलवे स्टेशन पुनर्विकास के लिए चुने गए हैं। इसमें मध्य प्रदेश के 33 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास भी शामिल किया गया है।
15 हजार 143 करोड़ रुपये की राशि मंजूर-
मध्य प्रदेश में रेल अधोसंरचना के विकास के अंतर्गत वर्तमान वर्ष में 15 हजार 143 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। प्रदेश में 77 हजार 800 करोड़ से अधिक की 32 परियोजनाएं क्रियान्वित हो रही हैं।
133 रोड ओवर ब्रिज एवं अंडरपास का भी शिलान्यास, शुभारंभ–
प्रधानमंत्री राज्य के 133 रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) एवं अंडरपास का भी शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सीहोर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री आज ही श्योपुर जिले में पालपुर कूनो में चीता मित्रों को साइकिल भी वितरित करेंगे। यहीं चीता परियोजना से संबंधित बैठक भी आयोजित होगी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी शामिल होंगे।
मध्य प्रदेश के इन स्टेशनों को मिलेगी सौगात-
मध्य प्रदेश के जिन 33 रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास के लिए शिलान्यास किया जाएगा, उनमें जबलपुर और भोपाल रेल मंडल के पांच-पांच स्टेशन शामिल हैं। पुनर्विकास के लिए चयनित स्टेशनों में सीहोर, जबलपुर, बीना, अशोकनगर, खिरकिया, सांची, शाजापुर, ब्यौहारी, बरगवां, नरसिंहपुर, पिपरिया, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, मक्सी, नागदा, नीमच, शुजालपुर, खाचरोद, बालाघाट, छिंदवाड़ा, खंडवा, मंडला फोर्ट, नैनपुर, सिवनी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, बिजुरी, मुरैना, हरपालपुर, दतिया और भिंड स्टेशन शामिल हैं। आरओबी में जबलपुर रेल मंडल के दो और भोपाल रेल मंडल के चार आरओबी शामिल हैं। अंडरपास के अंतर्गत जबलपुर में एक एवं भोपाल मंडल में दो स्थानों पर कार्य होंगे।
सीहोर में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप–
इस कार्यक्रम के आयोजन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर सीहोर प्रवीण सिंह ने सीहोर के रेलवे परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर कलेक्टर ने मंच व्यवस्था, पंडाल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, आगमन-निर्गम, पार्किंग, पेयजल, व्यवस्था आदि के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कार्यक्रम स्थल में किए जाने शिलान्यास तथा विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टाल के लिए निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित करने के लिए कहा।
चीता परियोजना बैठक में भी भाग लेंगे सीएम–
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार दोपहर श्योपुर जिले में पालनपुर कूनो में चीता मित्रों को साइकिल वितरित करेंगे। यहां सीएम केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ चीता परियोजना से संबंधित बैठक में हिस्सा लेंगे।
