– अमित शर्मा, लाड़कुई/ भेरूंदा
ग्राम महू कला में पेयजल के स्रोतों से बदबूदार केमिकल युक्त पानी आने के मामले में सोमवार को विधानसभा के प्रत्याशी रहे कांग्रेस नेता और नर्मदा सेना के प्रमुख विक्रम मस्ताल ने कहा कि यदि जल्द से जल्द इस मामले में कार्यवाही नहीं की गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
उल्लेखनीय है कि तहसील मुख्यालय से सटे हुए महू कला में हैंड पंप और अन्य जल स्रोतों से गंदा बदबूदार पानी आ रहा है, जब इस पानी को बर्तन में भरने के बाद कुछ समय बीत जाता है तो पानी का रंग पीला हो जाता है पीने के बाद गले में खराश तथा अन्य बीमारियां हो रही है। ग्रामीणों ने अपनी समस्या कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल को बताई, वही सोमवार को महू कला पहुंचे विक्रम मस्ताल ने पीड़ित ग्रामीणों से चर्चा की।

इस दौरान सविता बामने ने बताया कि नल से गंदा बदबूदार पानी आता है, जिससे तबीयत खराब हो रही है पीने का पानी 02 किलोमीटर दूर से लाना पड़ता है, इसी तरह ग्रामीण प्रीति डोरिया ने कहा कि पीने की तो बात दूर नहाने में शरीर में खुजली होती है पीने का पानी तो काफी दूर से लाना पड़ता है, गृहणी रमाबाई ने बताया कि 15 दिन पहले मेरी शादी हुई है शादी में आए पूरे रिश्तेदार बीमार हो गए थे, गंदे पानी की समस्या हल नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पास ही स्थित कारखाने मैं गंदे पानी को रोकने के लिए तालाब बनाया गया है, जिससे जमीन में केमिकल युक्त पानी का स्तर बढ़ रहा है इसलिए ग्रामीण ही नहीं बल्कि गांव के पालतू जानवर भी बीमार हो रहे हैं।

इनका कहना है-
गांव में पेयजल की स्थिति बहुत खराब है ग्रामीणों ने पानी लाकर भी दिखाया है ऐसा पानी पीने से ग्रामीणों को सामान्य के साथ-साथ कैंसर जैसी बीमारियां होने की संभावना बढ़ जाती है कल अधिकारियों से बात करूंगा यदि समस्या हल नहीं हुआ तो हम आंदोलन करेंगे।
कांग्रेस नेता, विक्रम मस्ताल
मैंने लिखित रूप में गंदे पानी की समस्या को लेकर जनपद पंचायत को सूचना दी है, वही पानी का सैंपल भी टेस्टिंग के लिए भिजवाया है।
बबलू तमोली, सरपंच प्रतिनिधि



