
सीहोर- कुबेरेश्वर धाम रूद्राक्ष महोत्सव जो कि दिनांक 25 फरवरी से 03 मार्च तक आयोजित किया जायेगा। जिसको लेकर कुबेरेश्वर धाम मे व्यवस्था हेतु बाहर से प्राप्त पुलिस बल, जिले का स्थानीय पुलिस बल, होमगार्ड, फॉरेस्ट, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य एवं कोटवारों को लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा कुबेरेश्वर धाम व्यवस्था में बल को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये है। जिसमें अपराधिक तत्वों पर निगाह रखी जाए, महिला बच्चियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए, सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति निर्मित ना हो, हाईवे पेट्रोलिंग, निर्भया पेट्रोलिंग की जावे।

वही ड्यूटी के दौरान समस्त बल का व्यवहार विन्रम एवं सहनशील रहे, कर्तव्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्व्यवहार ना करे। फिक्स पिकेट्स पर लगा बल अपने पॉइंट के आसपास के क्षेत्र पर सतत एवं सूक्ष्म निगाह रखें। व्यवस्था में लगा बल आमजन के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करे। ड्यूटीरत समस्त बल अधिक सतर्कता एवं सजकता के साथ ड्यूटी करें।

वही ड्यूटीरत समस्त बल सुगम यातायात व्यवस्था बनाए ओर सभी अपनी ड्यूटी पूरी गंभीरता से करें। जिन अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है वह समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अपने दायित्व को भली-भांति समझ लें। उक्त निर्देश के बाद बल को अपने-अपने प्वाइंटों पर रवाना कर तैनात किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर गीतेश गर्ग, रक्षित निरीक्षक सीहोर उपेंद्र यादव सहित ड्यूटी में तैनात समस्त बल उपस्थित रहा।
