ग्राम सोठिया में सियार के हमले से एक दर्जन के करीब लोग हुए घायल…

सियार ने 9 लोगों पर किया हमला, ग्रामीणें में दहशत…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
भैरुंदा – बुधनी विधान सभा के भैरूंदा तहसील अंतर्गत ग्राम सोठिया में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सियार ने गांव में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुए, इस हमले में नौ ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में दो छोटे बच्चे, महिलाएं और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सियार अचानक गांव की गलियों में दिखाई दिया और बिना किसी उकसावे के लोगों पर झपट्टा मारने लगा। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक वह अलग-अलग जगहों पर कई लोगों को घायल कर चुका था। चीख-पुकार सुनकर लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक सियार गांव में दहशत फैला चुका था।

हमले में घायल बुजुर्ग धन्नालाल ने बताया कि वे जैसे ही अपने घर से बाहर निकले, सियार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि सियार ने उन्हें जकड़ लिया और बचने का मौका तक नहीं मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब जाकर सियार उन्हें छोड़कर भागा। इसी दौरान गांव के अन्य हिस्सों में भी उसने महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया। हमलों में कई लोगों के हाथ, पैर, चेहरे और गाल पर गहरे जख्म आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन इस तरह के लगातार और आक्रामक हमले पहले कभी नहीं हुए।

    घटना के बाद घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल भैरूंदा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

      प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी जंगली जानवर की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें। सोठिया गांव की यह घटना क्षेत्र में जंगली जानवरों से बढ़ते खतरे की एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!