अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
भेरूंदा – शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत परिसर भैरूंदा में खंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया।

यह अभियान सुशासन एवं स्वराज हेतु प्रतिबद्ध विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत शासन के समस्त विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का पूर्ण लाभ ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय, तहसील एवं जिला स्तर पर पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया जा रहा है।

यह विशेष अभियान दिनांक 12 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर समस्याओं का समाधान किया गया, तत्पश्चात द्वितीय चरण में 16 फरवरी तक क्लस्टर स्तर पर शेष पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण किया गया। इसी क्रम में आज 25 मार्च 2026 को खंड स्तरीय संकल्प से समाधान अभियान का आयोजन कर ऐसे हितग्राहियों के लिए शिविर लगाया गया, जिनकी समस्याओं का समाधान ग्राम पंचायत एवं क्लस्टर स्तर पर नहीं हो पाया था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, जनपद उपाध्यक्ष श्रवण व्यास उपस्थित रहे। इसके साथ ही एसडीएम सुधीर कुशवाह, जनपद सीईओ संजय अग्रवाल तथा सभी विभागों के प्रमुख उपस्थित होकर अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर जनपद सीईओ संजय अग्रवाल ने आयुष्मान भारत, संबल योजना एवं प्रधानमंत्री मानधन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने की अपील की। एसडीएम सुधीर कुशवाह ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा हितग्राहियों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया है और इसमें सफलता प्राप्त हुई है।

नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का वार्ड स्तर पर चिन्हांकन कर उन्हें लाभ प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा स्वच्छता और जल संवर्धन के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की।

वही पूर्व जिला अध्यक्ष रवि मालवीय ने कहा कि शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को मिलकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए, जनता हमारे लिए सर्वोपरि है। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर 106 योजनाओं से 19,730 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योंजनाओं में चयनित हितग्राही को हितलाभ का वितरण भी किया गया। शिविर में समस्त विभागो के विकाखण्ड स्तरीय अधिकारीयों के साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
