
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पाचौर में 21 करोड़ रूपए से अधिक के निर्माण कार्यों का किया भूमि पूजन…
भेरूंदा- मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिले के ग्राम पाचौर में आयोजित जन संवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में 21 करोड़ 33 लाख रूपए की की लागत की 9 सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप हितलाभ का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि मैं परिवार की अवधारणा को चरितार्थ कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि बहनों की आंखों में आंसू नहीं आने दूंगा। मुख्यमंत्री भाई के रहते किसी भी बहन को किसी भी प्रकार से परेशान नही होने दूंगा। बहनों का जीवन सदा खुशियों से भरा रहे, यही मेरे जीवन का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाडली बहनों को सशक्त बनाने के लिए चलाई जा रही अनेक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाडली बहना योजना ने महिलाओं को घर परिवार में सम्मान दिलाया है और इससे बहनों के जीवन में अब बदलाव आ रहा है। वे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर हो रही है। उन्होंने कहा कि अब अक्टूबर माह से लाडली बहनों को 1250 रुपए की राशि मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अब प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी गैस कनेक्शनधारी उपभोक्ता एवं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की बहनों को 450 रूपए में गैस सिलेंडर प्रदान किया जाएगा। उन्होने कहा कि प्रदेश के गरीब, किसानों, महिलाओं के साथ ही बच्चों की शिक्षा के उन्मुखीकरण के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। पूर्व सरकार में बंद की गई सभी योजनाओं को फिर से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐसे परिवार जिन्हें आवास योजना का लाभ नही मिला है, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान दिए जाएंगे। कार्यक्रम को सांसद श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। सांसद श्री रमाकांत भार्गव, श्री गुरू प्रसाद शर्मा, श्री रघुनाथ सिंह भाटी, आदिवासी वित्त विकास निगम अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, पूर्व विधायक श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री मामा से स्कूटी की चाबी पाकर कर प्रसन्न हुई छात्राएं-
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिले के ग्राम पाचौर में आयोजित जन संवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं को स्कूटी की चाबी प्रदान की। अपने मुख्यमंत्री मामा के हाथों से स्कूटी की चाबी पाकर सभी छात्र-छात्राएं अत्यधिक प्रसन्न नजर आए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पाचौर में इन कार्यों का किया भूमि पूजन-
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पाचौर में 21 करोड़ 33 लाख 77 हजार रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। उन्होंने 05 करोड़ 92 लाख 69 हजार की लागत से सीहोर रोड से भीमगांव मार्ग निर्माण कार्य, 03 करोड़ 12 लाख रूपए की लागत से छिदगांव मोजी से भीमगांव मार्ग निर्माण, 03 करोड़ 07 लाख की लागत से तिलाडिया रोड से सरवरगंज मार्ग निर्माण के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इसी प्रकार 2 करोड़ 97 लाख की लागत से टी-03 से जोगला मार्ग निर्माण, एक करोड़ 68 लाख की लागत से पाचोर से भादाकुई मार्ग, एक करोड़ 40 लाख की लागत से भीमगांव से ढाडिया मार्ग निर्माण कार्य, एक करोड़ 28 लाख की लागत से नीलकंठ से चमेटी मार्ग, एक करोड़ 10 लाख की लागत से छिदगावं काछी से रिछाडि़या जदीद मार्ग निर्माण कार्य तथा 75 लाख 56 हजार रूपए की लागत से धन्नास से बाईसाद मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।
