आज आयोजित मॉक ड्रिल के तहत सभी ड्यूटी पांइट पर देखी अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती और व्यवस्थाओं का लिया जायजा…
अस्थायी अस्पताल, सहायता केन्द्र, पार्किंग, रूट डायवर्सन पाइंट, पेयजल, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाएं देखी कुबेरेश्वर धाम में 07 मार्च से रुद्राक्ष महोत्सव और शिवमहापुराण कथा आयोजन किया जाएगा। आयोजन में श्रद्धालुओं के आगमन पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की कार्यवाही जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है । इसके अंतर्गत कलेक्टर प्रवीण सिंह एवं एसपी मयंक अवस्थी ने मॉक ड्रिल किया ।
कलेक्टर श्री सिंह एवं एसपी श्री अवस्थी ने मॉक ड्रिल के दौरान बनाए गए सभी पुलिस चेकपॉइंट तथा निर्धारित स्थानों पर पहुँच कर व्यवस्था का निरीक्षण किया। उनके द्वारा बेहतर व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने क्रिसेंट चौराहे पर बनाए गए चेक पॉइंट का निरीक्षण किया और तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि जिन वाहनों पर रोक लगाई गई है वे अंदर न जाने पाए। उन्होंने ऑटो स्टेंड और वाहन पार्किंग का भी निरीक्षण किया। तैनात पुलिसकर्मी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑटो स्टेंड पर आने वाले ऑटो अन्य वाहनों की व्यवस्थित तरीके से पार्किंग करवाई जाए जिससे की जाम की स्थिति न बने। कलेक्टर श्री सिंह ने जगह-जगह पर बनाए गए पेयजल के लिए बनाए गए प्याऊ देखे और निर्देश दिए कि कथा स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को पानी की कमी न आए तथा पानी व्यर्थ न हो। उन्होंने कहा की पानी की व्यवस्था के लिए तैनात कर्मचारी ड्यूटी पर पूरे समय उपस्थित रहे। इसी तरह उन्होंने शौचालय, साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को भी देखा और निर्देश दिए कि कथा स्थल पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि जिस वेंडर को काम दिया गया है, उनसे सतत संपर्क करके सफाई का कार्य निरन्तर कराया जाए, कलेक्टर श्री सिंह ने श्रद्धालुओं के लिए बन रहे भोजन का भी निरीक्षण किया और फूड इंस्पेक्टर को प्रतिदिन भोजन की जाँच के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने अस्थाई अस्पताल का भी निरीक्षण किया और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर तथा दवाओं की पूरे समय उपलब्धता बनी रहे। अस्थाई अस्पताल में आने वाले श्रद्धालुओं का बेहतर उपचार किया जाए। उन्होंने नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए की कार्यक्रम स्थल पर चिन्हित किए गए स्थानों पर अग्नि दुर्घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड 24 घंटे उपलब्ध रहे । एसपी श्री मयंक अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस सहायता केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मी 24 घंटे उपस्थित रहे। किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत कार्यवाही करे। इसी प्रकार यातायात की व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों को पूरे समय यातायात सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।



