– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
रेहटी तहसील के प्रसिद्ध मां विजयासन धाम सलकनपुर में देर शाम सीढ़ी मार्ग पर दुकानों में आग लग गई। बताया जा रहा है कि आगजनी में 08 से 10 दुकानें भी जल गई हैं। स्थानीय व्यापारी दुकानों की आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आगजनी की सूचना फायर बिग्रेड को भी दी गई है।
जानकारी के अनुसार सलकनपुर में सीढ़ी मार्ग पर ऊपर से लेकर नीचे तक बड़ी संख्या में दुकानें बनी हुई हैं। इन्हीं दुकानों में शुक्रवार को देर शाम आग लग गई। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन इस आगजनी में कई दुकान जल गई हैं।
वही स्थानीय रहवासियों ने बताया कि यूं तो यहां पर आगजनी की घटनाएं हमेशा होती रहती है। इसका कारण भी कहीं न कहीं लापरवाही रहता है। सीढ़ी मार्ग पर आग लगने के बाद वहां पर दमकलों का पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। इसके कारण आग कई बार बेकाबू हो जाती है।
आग पर पाया काबू-
सलकनपुर सीढ़ी मार्ग पर लगी आग में जानकारी देते हुए रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, वही बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से मंदिर पर बनी पानी की टंकी व फायर ब्रिगेड से आग बुझा दी गई है, इस आगजनी में सात दुकाने पूरी तरीके से जल गई है।
