– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
लोकसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विदिशा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ में शाहगंज स्थित मां नर्मदा एवं मां विजयासन के दरबार सलकनपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां नर्मदा एवं मां विजयासन की पूजा-अर्चना की एवं अपनी ऐतिहासिक जीत के लिए अर्जी लगाते हुए प्रदेशवासियों की सुख- समृद्धि की कामना भी की।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने देवीलोक निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने उन्हें निर्माण कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर सांसद रमाकांत भार्गव, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मां विजयासन के दरबार में हमेशा से आते रहे हैं। वे विधानसभा चुनाव के दौरान नामांकन दाखिल करने से पहले भी सलकनपुर पहुंचे थे, तो वहीं नतीजों से पहले भी उन्होंने यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना की। बता दे कि 04 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आना है उससे एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ सलकनपुर पहुंचे ओर पूजन अर्चना की।
