सलकनपुर स्थित भैरव घाटी पर टवेरा का ब्रेक फेल, एक की मौत, 12 लोग घायल…

घायलों को रेहटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती, गंभीर घायलों को किया होशंगाबाद रेफर…

– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सलकनपुर स्थित मां विजयासन धाम पर श्रद्धालुओं से भरी एक टवेरा गाड़ी भैरव घाटी पर पलट गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में महिलाओं, बच्चों सहित करीब 15 सवारियां बैठी हुई थी, जो मां विजयासन के दर्शन करके नीचे जा रहे थे, तभी भैरव घाट के पास गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में इलाज के दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई। वहीं 12 घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे इलाज जारी है। सभी घायलों को घटना के बाद तत्काल पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से रेहटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सभी श्रद्धालु खरगोन जिले के सनावद से सलकनपुर में मां विजयसन के दर्शन करने के लिए आए थे।

वही श्रद्धालुओ ने यहां पर नीचे से निजी टैक्सी की थी, जिसमें सभी बैठकर उपर पहुंचे थे। उतरते समय गाड़ी ओव्हर लोड थी और उसका ब्रेक फेल हो गया। बताया जा रहा है कि गंभीर घायलों को होशंगाबाद के लिए रेफर किया गया है। सलकनपुर चौकी प्रभारी भवानी सिंह सिकरवार ने बताया कि सभी श्रद्धालु खरगोन जिले के हैं, जिनमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई है। घायलों का इलाज जारी है।

फिर उठे टैक्सी चालक की मनमानी व वाहन फिटनेस पर सवाल-

सलकनपुर में आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले दिनों भी भैरव घाटी पर एक भयानक हादसा हुआ था, जिसमें भोपाल निवासी एक परिवार के आधा दर्जन लोगों की जान चली गई थी। हादसों के बाद टैक्सियों की फिटनेस पर भी सवाल उठाए गए थे, लेकिन फिर मामला रफा-दफा हो गया था। अब एक बार फिर से टैक्सी चालक की मनमानी व वाहन के फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हैं, कि आखिरकार जब टवेरा गाड़ी में इतनी सवारियां नहीं बैठती है तो फिर इतनी सवारियों से भरी गाड़ी को उपर तक क्यों जाने दिया गया। यहां पर जांच क्यों नहीं की जा रही है। आखिरकार कब तक श्रद्धालुओं की जान के साथ खिलवाड़ किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!