– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
जिले में बीते 24 घंटे में प्रात: 08 बजे तक 28.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
जिले में बीते 24 घंटे में प्रात: 08 बजे तक 28.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। वर्षामापी केन्द्र सीहोर में 63.0, मिलीमीटर, श्यामपुर में 30.0, आष्टा में 13.0, जावर में 15.0, इछावर में 17.0, भैरूंदा में 20.0, बुधनी में 37.8, रेहटी में 31.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
जिले में 01 जून से 27 जुलाई तक 485.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज-
जिले में 01 जून से 27 जुलाई को प्रात: 8 बजे तक 485.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। गत वर्ष इसी अवधि में औसत वर्षा 617.2 मिलीमीटर थी। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1148.4 मिलीमीटर है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से 27 जुलाई 2024 तक जिले के वर्षामापी केन्द्र सीहोर में 591.3 मिलीमीटर, श्यामपुर में 527.5, आष्टा में 429.0, जावर में 275.0, इछावर में 680.5, भैरूंदा में 371.2, बुधनी में 485.2 तथा रेहटी में 521.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
कोलार बांध के गेट खोले जाने की सूचना-
कोलार परियोजना अंतर्गत कोलार बांध वीरपुर का जलस्तर बढकर 458.42 मीटर हो गया है तथा जलस्तर में लगातार बढोतरी हो रही है। कोलार नहर संभाग की कार्यपालन यंत्री सुश्री हर्षा जैनवाल ने जानकारी दी कि कोलार बांध का लेवल 458.70 मीटर होने के बाद किसी भी समय बांध के गेट खोले जा सकते हैं। साथ ही आमजन को सूचित किया गया है कि कोलार नदी से प्रभावित होने वाले तटीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की गतिविधियां न करें तथा सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
बरगी बांध के गेट खोले जाने की सूचना-
रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना अंतर्गत बरगी बांध का वाटर लेवल प्रात: 8 बजे तक 417.30 मीटर तक पहुंच गया है। जल्द ही यह 418 मीटर हो जाएगा। बरगी बांध के मुख्य अभियंता श्री एसबी सिंह ने जानकारी दी कि 29 जुलाई तक तथा अति वर्षा होने की स्थिती में उससे पूर्व में भी डैम के गेट खोले जाने की संभावना है। आमजन को नर्मदा नदी के तट से पर्याप्त दूरी बनाये रखने एवं सावधानी बरतने के लिए सूचित किया गया है।
