– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
आगामी 13 नवंबर को होने वाले बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं किए जाने से पूर्व ही प्रत्याशी के तौर पर रमाकांत भार्गव का चुनावी रथ का एक फोटो वायरल होने के बाद मचा बवाल, थमने का नाम नहीं ले रहा।

इस मामले में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी सोशल नेटवर्क एक्स पर पोस्ट कर, उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने रमाकांत भार्गव को बुधनी विधानसभा से भाजपा का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कम से कम यह तो पता चले की आखिर मध्य प्रदेश भाजपा को कौन चला रहा है।
वही पटवारी ने भाजपा और शिवराज पर निशाना साधते हुए सोशल नेटवर्क एक्स पर लिखा है कि जनता जानना चाह रही है कि इन दिनों कुलीनों के कथित कुनबे का किंग कौन है। क्योंकि भाजपा की केंद्रीय या प्रदेश चुनाव कमेटी ने अभी तक किसी को भी अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। लेकिन शिवराज जी ने रमाकांत भार्गव को बुधनी से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। उन्होंने सवाल किया कि बुधनी से उठे इस बवाल पर एमपी बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को बयान जरूर देना चाहिए। कम से कम यह तो पता चले कि मध्य प्रदेश में भाजपा को कौन चला रहा है।
इस पूरे मामले में अनुशासन की दुहाई देने वाली भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता पोस्टर बार के मामले में जवाब देने से बच रहे हैं। रमाकांत भार्गव को किसने प्रत्याशी घोषित किया, या फिर उन्हें कहां से हरी झंडी मिली, यह सवाल जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच में बना हुआ है।
