स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है – कलेक्टर, एसपी

अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा

बुधनी उप निर्वाचन के तहत बुधनी में सेक्टर अधिकारियों की बैठक संपन्न बुधनी विधानसभा उप निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए बुधनी में बुधनी विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुधनी मे आयोजित की गई।

  • बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों को उप निर्वाचन के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कढ़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में सेक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेक्टर अधिकारी लगातार अपने सेक्टर का भ्रमण करें और प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें।
  • कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सेक्टर अधिकारियों को प्रदत्त मतदान केन्द्रों के रूट चार्ट की जानकारी, एक मतदान केन्द्र से दूसरे मतदान केन्द्र तक पहुंचने में लगने वाला समय एवं उसकी अनुमानित दूरी का आंकलन भी सेक्टर अधिकारी कर लें। मतदान केन्द्र तक पहुंचने वाले मार्ग के अलावा भी वैकल्पिक मार्ग की पहचान कर लें, जिससे कि मतदान केन्द्रों में सेक्टर अधिकारियों को पहुंचने में आसानी हो। बैठक में एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सेक्टर अधिकारियों के संयुक्त रूप से भ्रमण करें तथा समन्वय बनाए रखें।

कलेक्टर-एसपी ने किया बुधनी स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण’

बुधनी विधानसभा उप निर्वाचन के तहत 13 नवंबर को 363 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। बुधनी विधानसभा उप निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुगमता पूर्वक संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बुधनी में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही निर्वाचन सामग्री वितरण की तैयारियां देखीं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि स्ट्रांग रूम के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी डीएस तोमर तथा तहसीलदार सौरभ वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर-एसपी ने एसएसटी चेक पोस्ट का किया निरीक्षण

कोई भी संदिग्ध वाहन बिना चैकिंग के न निकले- कलेक्टर-एसपी

कलेक्टर-एसपी ने की मतदान करने की अपील बुधनी विधानसभा उप निर्वाचन-2024 को दृष्टिगत रखते हुए चेक पोस्ट स्थापित कर अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की चैकिंग एसएसटी दल द्वारा की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं पर लगे एसएसटी चेक पोस्ट का निरीक्षण किया और एसएसटी दल के अधिकारियों-कर्मचारियों को सभी वाहनों की सघन चैकिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह एवं एसपी श्री शुक्ला ने मंगलवार को बुधनी विधानसभा के लाड़कुई, गोपालपुर, छीपानेर, रेहटी, सलकनपुर, आंवलीघाट, बुधनी सहित अनेक स्थानों पर बनाए गए एसएसटी चैक पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएसटी दल के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी संदिग्ध वाहन बिना चैकिंग के निकलना नहीं चाहिए। निर्धारित सीमा से अधिक धनराशि, अवैध मादक पदार्थ और ऐसी वस्तुएं जिनसे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना हो, उन्हें त्वरित कार्यवाही करते हुए जब्त करें। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान आमजन को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो, इसका भी ध्यान रखें। उन्होंने एसएसटी दल के अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और आचार संहिता का उल्लंघन होने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, तहसीलदार सौरभ शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित थे।

कलेक्टर-एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बुधनी उप निर्वाचन के तहत बुधनी विधानसभा क्षेत्र के अनेक मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मतदान केन्द्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने मतदान केंद्रों पर मतदान करने आने वाले मतदाताओं के लिए पेयजल के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा मतदान केन्द्रों में पेयजल, बिजली, पंखा, फर्नीचर, और दिव्यांगों के लिए रैम्प, मतदान केन्द्र तक पहुंच मार्ग, शौचालय, साफ-सफाई तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी श्री शुक्ला ने सभी पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को लगातार भ्रमण करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कहीं कोई सूचना प्राप्त होती है तो उसे तत्काल संज्ञान में लिया जाए।

कलेक्टर-एसपी ने की मतदान की अपील-

मतदान केन्द्रों के भ्रमण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह एवं एसपी श्री शुक्ला ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से मतदान करने की अपील की और कहा कि लोकतंत्र में हर एक वोट बहुमूल्य है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी मतदाताओं की भागीदारी आवश्यक है। इस दौरान गोपालपुर मतदान केंद्र पर बनाए गए सेल्फी पाइंट पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह एवं एसपी श्री शुक्ला ने सेल्फी ली और सभी नागरिकों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदाताओं से आगामी 13 नवंबर को होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का उपयोग कर मतदान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!