बुधनी मे छुटपुट घटना के बीच, शांति पूर्ण हुआ मतदान, 77.32 प्रतिशत रहा मतदान…

– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
बुधनी विधानसभा में उपचुनाव को लेकर मतदान संपन्न हुआ। इस दौरान 77.32 प्रतिशत मतदान हुआ। 05:45 बजे तक मतदान केंद्रों के अंदर पहुंच चुके मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इधर मतदान के दौरान बुधनी विधानसभा के शाहगंज, खटपुरा एवं भैरूंदा में कुछ देर के लिए माहौल भी गर्माया लेकिन जल्द शांत भी हो गया। शाहगंज में भाजपा, कांग्रेस नेताओं के बीच में तीखी झड़प हुई। बताया जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी के चचेरे भाई के साथ मारपीट की घटना भी हुई, जिसकी जानकारी कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के द्वारा दी गई, तो वहीं तीन गाड़ियों में तोड़-फोड़ की गई। इस दौरान दोनों पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई हैं। भेरूंदा में भी भाजपा, कांग्रेस के नेताओं के बीच में तीखी बहस देखने को मिली, जिसका बिडीओ सोशल नेटवर्क पर वायरल हो रहा है तो वहीं खटपुरा में भी झड़प होने की जानकारी प्राप्त हुई।

एसडीओपी बुधनी शशांक गुर्जर ने शाहगंज एवं खटपुरा पहुंचकर स्थितियां संभाली। कलेक्टर प्रवीण सिंह एवं एसपी दीपक कुमार शुक्ला भी लगातार भ्रमण करते रहे। एसडीओपी शशांक गुर्जर ने बताया कि दोनों तरफ से शिकायतें आईं हैं। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्यवाही की जाएगी।

मतदाताओं ने दिखाया उत्साह एवं उमंग-

बुधनी विधानसभा उप चुनाव में कुछ स्थानों को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया हुई। बुधनी विधानसभा में मतदाताओं द्वारा पूरे उत्साह और उमंग के साथ मतदान किया गया। लोकतंत्र के इस महापर्व पर सभी मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में मतदाताओं की सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखी गई। मतदान केंद्रों पर महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे तक 16.90 प्रतिशत मतदान हो गया था। 11 बजे तक 36 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 51.16 प्रतिशत, अपरान्ह 03 बजे तक 65.08 प्रतिशत तथा शाम 5 बजे 72.37 मतदान हुआ। मतदान का अंतिम आंकड़ा 77.32 प्रतिशत रहा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने बताया कि विधानसभा उप निर्वाचन-2024 के तहत प्रदेश के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्र.- 156 बुधनी में (अंतिम जानकारी के अनुसार) 77.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

कलेक्टर-एसपी ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा –

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह एवं एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने लाड़कुई, सिंहपुर, छिदगांव मौजी, भैरूंदा, बोरखेड़ा, कला, गोपालपुर, सीगाँव, ससली, रेहटी, पांडागांव, छीपानेर, धोलपुर, जमोनिया कला, सलकनपुर, बांया, उंचाखेड़ा, बुधनी सहित अनेक नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर वहां चल रहे मतदान की कार्यवाही का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने मतदान केन्द्रों पर आए मतदाताओं से चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने मतदान संपन्न कराने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को व्यवस्थित ढंग से कार्यवाही संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीठासीन अधिकारी, सेक्टर अधिकारी तथा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए आयोग के निर्देशानुसार सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मतदान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कलेक्टर एवं एसपी के अलावा रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी सहित बुधनी विधानसभा में ड्यूटी कर रहे सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा सेक्टर अधिकारी निरंतर भ्रमण करते रहे।

मतदान केन्द्रों पर की थी, पर्याप्त व्यवस्थाए –

मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की बैठक, व्हीलचेयर, पेयजल व्यवस्था के साथ ही अनेक मतदान केन्द्रों को फूलों और गुब्बारों से सजाकर आकर्षक बनाया गया एवं स्वागत द्वार भी बनाए गए। कई मतदान केन्द्रों पर टेंट लगाने के साथ ही द्वार से मतदान कक्ष तक मेट बिछाए गए। अनेक मतदान केन्द्रों को रंगोली से सजाया गया। बुधनी विधानसभा उप चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से ही मतदान प्रारंभ हो गया है। मतदाताओं में मतदान के प्रति भारी उत्साह दिखाई दिया। मतदाता सुबह से ही लाइन में खड़े होकर अपने मताधिकार का उपयोग करने पहुंचे। मतदान केंद्रों पर मतदान करने आईं मतदाता कमला बाई, अपूर्वा, कांता बाई, आयुषी शर्मा, सुमन ने कहा कि हर नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए और देश की प्रगति और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा हमें लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागी बनने पर बहुत ही गर्व महसूस हो रहा है।

बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए बनाए गए, 363 मतदान केन्द्र

बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए कुल 363 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जहां पर मतदान हुआ। इसके लिए 1597 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही 45 सेक्टर ऑफिसर/ कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, 45 सेक्टर अधिकारी पुलिस तथा 5 फ्लाइंग स्कवॉड दल बनाए गए हैं। बुधनी विधानसभा में कुल 2,76,397 मतदाता हैं, जिनमें 1,43,111 पुरुष मतदाता, 1,33,280 महिला मतदाता तथा 6 अन्य मतदाता तथा 194 सर्विस मतदाता हैं। बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 18-19 वर्ष आयु के 4048 मतदाता हैं। इसी प्रकार 20-29 वर्ष आयु के 67562 मतदाता, 30-39 वर्ष आयु के 73300 मतदाता, 40-49 वर्ष आयु के 55064, 50-59 वर्ष आयु के 38572 मतदाता, 60-69 वर्ष आयु के 23076 मतदाता, 70-79 वर्ष आयु के 10809 मतदाता, 80-89 वर्ष आयु के 3491 मतदाता, 90-99 वर्ष आयु के 644 मतदाता तथा 100-109 वर्ष आयु के 38 मतदाता हैं। जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने की बच्चों की देखभाल-

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं साहायिकाओं ने मतदान केंद्रों पर ड्यूटी करने वाली महिला मतदान कर्मियों के बच्चों की देखभाल की, जिससे महिला मतदान कर्मियों ने मतदान प्रक्रिया का संचालन सुचारू रूप से किया। इसके साथ आगंनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने मतदान कर्मियों के बच्चों के साथ ही मतदान करने आने वाली महिला मतदाताओं के बच्चों की देखभाल की।

भैरूंदा में शातिपूर्ण मतदान, अंतिम क्षण में हुआ विवाद-

हुई तीखी बहस

बुधनी विधानसभा के उपचुनाव को लेकर हुए मतदान के दौरान भैरूंदा विकासखंड के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर शातिपूर्ण तरीके से मतदान होता रहा। हालांकि शाम को भैरूंदा के मतदान केंद्र 260 पर थोड़ी देर के लिए अशांति फैल गई। दरअसल यहां पर सीहोर के भाजपा नेता आ गए, इस पर कांग्रेसियों ने आपत्ति उठाई। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। भाजपा एवं कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के बीच में तीखी बहस भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस प्रशासन ने आकर मामला शांत कराया।

Voting-percent-Budhni-156

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!