नागरिकों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए नियमों का पालन करते हुए ‍प्रक्रिया का करें सरलीकरण – कलेक्टर बालागुरू

छात्रों को समय पर मिले छात्रवृत्ति – कलेक्टर बालागुरू के

शासकीय सेवकों की सेवानिवृत्ति तथा पेंशन प्रकरणों की कार्यवाही मे मानवीय दृष्टिकोंण अपनाएं अधिकारी – कलेक्टर बालागुरू के

हर दिन अभियान की तर्ज पर करें राजस्व प्रकरणों का निराकरण – कलेक्टर बालागुरू के

  • टीएल बैठक शासन की सभी योजनाएं तथा सेवाएं आमजन तक सुलभता से पहुंचे इसके लिए सभी अधिकारी विभागीय नियमों का पालन करते हुए प्रक्रिया का सरलीकरण करें। ताकि अधिक से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो सकें। यह बात कलेक्टर बालागुरू के ने टीएल बैठक के दौरान सभी अधिकारियों से कही। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन के साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं तत्परता से निराकरण करें। बैठक में कलेक्टर बालागुरू के ने सभी अधिकारियों को पूर्व से विभागीय लंबित आवेदनों के निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के जिलाधिकारियों से कहा कि अधिक समय तक शिकायतें लंबित न रहें। उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर बालागुरू के ने कहा कि छात्रों को छात्रवृत्ति समय पर मिले इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होंने के पश्चात सत्यापन की प्रक्रिया का सरलीकरण करें। ताकि जल्द से जल्द छात्रवृत्ति मिल सके। इसी प्रकार उन्होंने छात्रों को प्रदाय की जाने वाली स्टेशनरी के क्रय और वितरण की कार्यवाही समय पर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरू के ने प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय तथा ग्रमीण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हैं और पहली किस्त प्राप्त हो गई है, उनके आवास का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा जिनके आवास पूर्ण हो गए हैं, उन्हें शीघ्र आवास पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नवीन स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की कार्यवाही शीघ्र की जाए। जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने महिला बाल विकास अधिकारी को आंगनबाड़ियों की स्वीकृति, आवंटन तथा निर्माण से संबंधित जानकारी संपर्क एप पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरू के ने सेवानिवृत्ति तथा पेंशन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कहा कि कर्मचारियों के पेंशन तथा स्वत्वों के भुगतान की कार्यवाही करते समय अधिकारी मानवीय दृष्टिकोंण अपनाएं ताकि सेवा निवृत्त हुए शासकीय सेवक को समय पर पेंशन और शासकीय लाभ मिल सकें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर बालागुरू के ने निर्देश दिए कि 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के तहत संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य जल्द पूरा किया जाए ताकि टीबी पॉजिटिव व्यक्तियों को जल्द इलाज शुरू किया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक निक्षय शिविर अभियान के तहत 169086 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। टीएल बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने आयुष्मान तथा प्रधानमंत्री आवास एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरू के. ने ग्रामीण विकास, रोजगार, कृषि, सहकारिता, लोक निर्माण, नगरीय निकाय, समाज कल्याण, खाद्य, जल संसाधन तथा राजस्व विभाग सहित अनेक विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर नितिन टाले, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी वीसी के माध्यम से टीएल बैठक में शामिल हुए।

हर दिन अभियान की तर्ज पर करें राजस्व प्रकरणों का निराकरण-

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि राजस्व महाभियान एक समय सीमा में चलने वाला अभियान है, लेकिन राजस्व संबंधी प्रकरण प्रतिदिन राजस्व कार्यालयो और राजस्व न्यायालयों में आते हैं। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, बटांकन सहित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण को हर दिन अभियान की तर्ज पर निराकृत करें, ताकि मामले लंबित न रहें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे पटवारियों के काम की नियमित समीक्षा करें और यह भी देखें कि बेहतर काम किन पटवारियों द्वारा किया जा रहा है किन पटवारियों द्वारा कम काम किया जा रहा है। इसे समझे और काम में गति लाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें।

फौती नामांतरण के शीघ्र आयोजित करें विशेष ग्राम सभा-

कलेक्टर बालागुरू के ने निर्देश दिए कि वनग्रामों के राजस्व ग्रामों में परिवर्तन तथा वन व्यवस्थापन के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि 513 प्रकरणों के फौती नामांतरण के जो प्रकरण शेष रह गए हैं उनकी कार्यवाही शीघ्र की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां वनाधिकार पट्टों के नामांतरण के लिए ग्रामसभाएं नही हुई हैं वहां शीघ्र ग्राम सभाएं आयोजित की जाएं।

तेजी से करें भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण की कार्यवाही-

बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने नेशनल हाईवे तथा रेलवे के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण की समीक्षा के दौरान शेष भूस्वामियों को शीघ्र मुआवजा वितरण की कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने बुधनी अनुभाग के अंतर्गत नेशनल हाईवे के लिए अधिकृत भूमि का मुआवजा वितरण तथा रेलवे को दी गई भूमि का नामान्तरण की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए। ताकि इन परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न कार्यालयों, शासकीय भवनों तथा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए। ताकि आगे की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जा सके।

70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में गति लाएं-

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के तथा जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे बुजुर्ग जिनका निधन हो गया है उनका नाम लक्षित सूची से हटाएं जाए। उन्होंने कहा कि उन ग्राम तथा वार्डों में कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं जहां प्रगति कम है। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक 70 वर्ष से अधिक आयु के 25514 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

रोजगार-स्वरोजगार की प्रगति की समीक्षा-

बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी रोजगार मूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक हितग्राहियों के रोजगार-स्वरोजगार के लक्ष्य से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंक को प्रेषित किए जाएं ताकि प्रकरणों में कमियों के कारण कुछ प्रकरण निरस्त भी किए जाएं तो बैंकों के पास लक्ष्य से अधिक प्रकरण स्वीकृति एवं वितरण के लिए उपलब्ध रहें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बैंकवार योजनावार निरंतर समीक्षा की जाए ताकि वितरण में आ रहे अवरोध को दूर कर ऋण वितरित कराया जा सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि एनआरएलएम द्वारा 2609 स्व-सहायता समूहों को 7128.72 लाख रुपये की राशि का बैंक लिंकेज कराया गया। जिला शहरी विकास अभिकरण द्वारा स्वरोजगार योजना, समूह ऋण योजना, समूह बैंक लिंकेज तथा पीएम स्वनिधी के 17,641 प्रकरणों में 3051.44 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। इसी प्रकार उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा 70 प्रकरणों में 518.339 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना तथा टंट्यामामा आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत 59 हितग्राहियों को 69.60 लाख रुपये राशि वितरित की गई। इसी प्रकार जिला व्यापार उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 198 हितग्राहियों को 993.41 लाख रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई। इसी प्रकार जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति द्वारा संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना एवं सावित्रीबाई फूले स्व सहायता समूह योजना के तहत 74 हितग्राहियों को 173.08 लाख रूपये की राशि वितरित की गई।

जिले में 65,946 पशुओं का हो चुका है कृत्रिम गर्भाधान-

कलेक्टर बालागुरू ने इस वित्तीय वर्ष के लिए सभी विभागों को उनके विभागीय लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक काम करने के सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया जाए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले में एक लाख पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पशुपालन विभाग के अमले को कृत्रिम गर्भाधान का कार्य तेजी से करना होगा। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक विभाग द्वारा 65,946 से अधिक पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!