शिवराज की पोस्ट पर कांग्रेस का तंज-

भैरुंदा। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स की अपनी अधिकृत हैंडल पर किए गए पोस्ट विमान की टूटी सीट पर कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर ही पलटवार करते हुए लिखा है कि मप्र के साथ देशभर के किसान अपनी ही जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन हमारे कृषि मंत्री टूटी कुर्सी को कोस रहे हैं।

इनकम डबल नहीं हुई, किसान दोगुना घाटा झेल रहे हैं, एमएसपी पर सरकारी झूठ सहन कर रहे हैं, खाद, बीज, बिजली की कमी भी देख रहे हैं, बुधनी विधान सभा का वह किसान जिन्होंने आपको जमीन से आसमान तक पहुंचाया है। आज उन्हीं किसानों की ज़मीन छीनी जा रही है और आप मौन बने हुए हैं। भूमि अधिग्रहण में किसानों को भी सही दाम मिल सके, उसके लिए किसान, आपसे और आपकी सरकार से गुहार लगा रहा है। लेकिन आप इतनी ऊँचाई पर पहुँच गए हैं कि आपको हवाई जहाज़ की कुर्सी तो नज़र आती है, लेकिन किसानों का दर्द नहीं।
वही मस्ताल ने लिखा कि लक्जरी लाइफ स्टाइल वाले मंत्रीजी को किसानों की यह तकलीफ दिखाई नहीं देती। ना किसानों का पसीना दिखता है, ना परिश्रम। एयर इंडिया ने गलती नही की केवल कुर्सी बदली है, ताकि कुर्सी पर बैठकर किस्मत को कोसने वाले, किसान का दर्द समझ सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान अपनी अनाज से भरी ट्राली लेकर घंटो वेयरहाउस के सामने खड़ा रहता है। सरकारी तंत्र और वेयरहाउस संचालक भी किसान का शोषण करते हैं। तब आपको किसानो की परेशानी समझ में नहीं आती। बिजली के बिलों को लेकर किसान परेशान है, बिजली विभाग किसानों को जेल भेजने पर आतुर है, तब आपको किसानो की परेशानी समझ में नहीं आ रही। शिवराज जी आप मुख्यमंत्री थे तब कहते थे कि चिंता मत करो मामा बैठा है। लेकिन आज वही किसान परेशान हो रहा है। लेकिन अब मामा किसानों के साथ नहीं है, आपका वायदा 2700 में गेहूं और 3100 प्रति क्विंटल में धान खरीदने का खोखला साबित हुआ। आप ढोंग दिखाने के लिए हेलीकॉप्टर से गेती लेकर तो निकल जाते हैं। लेकिन एक दिन आपकी कुर्सी क्या टूटी मिली, तो आपको इतना दर्द हो गया।
