भैरूंदा- मां नर्मदा सेवा समिति नीलकंठ द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल माधव दवे की पुण्यतिथि के अवसर पर मंडी घाट पर एक श्रद्धांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नर्मदा तट मंडी घाट की साफ सफाई की, इस अवसर पर बड़ी संख्या में समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन विकास निगम पूर्व अध्यक्ष पंडित गुरुप्रसाद शर्मा ने अनिल दवे के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “दवे जी एक सच्चे पर्यावरण प्रेमी और नर्मदा पुत्र थे। उन्होंने जीवन भर मां नर्मदा और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। श्रद्धांजलि अर्पण के पश्चात उपस्थित जनों ने वृक्षारोपण किया और उनके बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्मरण नहीं था, बल्कि उनके पर्यावरणीय विचारों को जनमानस तक पहुंचाना भी था। इस दौरान मां नर्मदा सेवा समिति द्वारा भी घाटों की सफाई की गई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजेश लखेरा, रामनारायण चौबे, ईश्वर चंद्र शर्मा, नर्मदा प्रसाद चौहान के साथ मां नर्मदा सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
