अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
रेहटी – बुधनी विधान सभा के रेहटी तहसील अंतर्गत ग्राम मालीबायां निवासी एक परिवार के 04 सदस्य ग्राम सुरई के पास झोलियापुर में सोलवी नदी में पानी के तेज बहाव में बह गए है। एक पुत्र को तुरंत निकाल लिया गया है। माता-पिता और एक पुत्र को खोजने में प्रशासन की रेस्क्यू टीम लगी हुई है। कलेक्टर बालागुरू के. रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि यह परिवार पिकनिक मनानें के लिए झोलियापुर पहुंचा था। बुधनी एसडीएम डीएस तोमर तथा एसडीओपी पुलिस मौके पर मौजूद है। रेस्क्यू टीम मोटरबोर्ड एवं लाइट की व्यवस्था के साथ परिवार के तीन सदस्यों को खोजने में जुटी हुई है। इसके साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी करा दी गई है, कि यदि इस संबंध कोई भी सूचना या जानकारी मिले तो रेस्क्यू टीम, प्रशासन या संबंधित थानों में तुरंत सूचना दें। तेज बहाव में बहने वालों में 40 वर्षीय अताउर रहमान, 35 वर्षीय श्रीमती रफत और उनका ढ़ाई वर्षीय पुत्र ओरान शामिल है, जिन्हें खोजने की कार्यवाही रेस्क्यू टीम द्वारा की जा रही है।
