अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
सीहोर – बुधवार को पुलिस अधीक्षक सीहोर दीपक कुमार शुक्ला ने थाना इच्छावर, चौकी लाड़कुई, थाना भैरुन्दा एवं थाना गोपालपुर का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान आगामी त्यौहारों डोल ग्यारस, ईद मिलादुन्नबी, अनंत चतुर्दशी एवं गणेश विसर्जन की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल के साथ- साथ नगर रक्षा समिति एवं सिविल डिफेंस वॉलंटियर की सेवाएं लिए जाने पर भी विशेष बल दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सचिव, पटवारी, कोटवार व पुलिस बल के माध्यम से उचित व्यवस्था बनाकर शांति पूर्वक श्री गणेश की मूर्तीयों का विसर्जन कराए जाने की बात कही।

इसके साथ ही इच्छावर एवं भैरुन्दा क्षेत्र के विसर्जन कुंड का निरीक्षण कर उचित प्रकाश व्यवस्था बनाने, गोताखोर, नाव तथा बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी इच्छावर, थाना प्रभारी भैरुन्दा, थाना प्रभारी गोपालपुर व चौकी प्रभारी लाड़कुई को अपराध नियंत्रण और आगामी त्यौहारों को शांति एवं सोहाद्रपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।

भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भैरुन्दा, तहसीलदार इच्छावर, जनपद सीईओ भैरुन्दा, मुख्य नगर परिषद अधिकारी इच्छावर व भैरुन्दा, थाना प्रभारी इच्छावर, थाना प्रभारी भैरुन्दा, थाना प्रभारी गोपालपुर, चौकी प्रभारी लाड़कुई तथा नगर परिषद इच्छावर व नगर परिषद भैरुन्दा के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

अपील – पुलिस – प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन कुंड पर ही श्रीगणेश मूर्तीयों का विसर्जन करे।
