विधायक निधि से बनेगा भवन, ग्रामीणों को मिलेंगी सामाजिक आयोजनों की सुविधा…

ग्राम पंचायत बसंतपुर पारंगी में 10 लाख के मांगलिक भवन का भूमि पूजन…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
भैरूंदा – लाड़कई मंडल क्षेत्र के ग्राम पारंगी में 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाले मांगलिक भवन का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस भवन का विधायक निधि से निर्माण किया जाएगा। भूमि पूजन के अवसर पर मंडल अध्यक्ष पवन मीणा, सुरेश यादव, रितेश ठाकुर, अशोक जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
वही मंडल अध्यक्ष पवन मीणा ने बताया कि बुधनी विधानसभा विधायक रमाकांत भार्गव के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसी कड़ी में ग्राम पांगरी में मांगलिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि लाड़कुई मंडल क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में विकास कार्यों को गति मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क निर्माण से लेकर आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल भवन और ग्राम पंचायत भवन जैसे कई निर्माण कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही किसानों की सुविधा के लिए खेत सड़कों का भी निर्माण कराया गया है।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों का उद्देश्य यह है कि गांवों में रहने वाले किसान, महिलाएं, बच्चे और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मांगलिक भवन बनने से गांव में विवाह, सामाजिक कार्यक्रम, बैठकें और अन्य आयोजनों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने निर्माण कार्य जल्द शुरू करने और समय पर पूर्ण कराने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!