अमित शर्मा, लाड़कुई/भैरूंदा
सोहोर – पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक सीहोर दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में मध्यप्रदेश पुलिस बैंड भर्ती-2026 के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज शहर के कोतवाली चौराहा पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

7वीं वाहिनी भोपाल के बैंड ने बिखेरा जादू…
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 7वीं वाहिनी भोपाल के विशेष पुलिस बैंड दल की प्रस्तुति रही। बैंड की ओजस्वी धुनों और जवानों के सटीक अनुशासन ने वहां मौजूद राहगीरों और युवाओं का मन मोह लिया। संगीत के माध्यम से टीम ने यह संदेश दिया कि पुलिस विभाग में कला और कैरियर का एक शानदार संगम संभव है।
भर्ती प्रक्रिया की दी विस्तृत जानकारी…
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने युवाओं को पुलिस बैंड में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
आवश्यक योग्यता और मापदंडों की जानकारी दी।
भर्ती प्रक्रिया और आवेदन के तरीकों को समझाया।
पुलिस सेवा के साथ-साथ संगीत के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कोतवाली चौराहे पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने इस प्रदर्शन को देखा ओर अपनी रुचि दिखाई।
पुलिस विभाग की ओर से युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया गया कि पुलिस बैंड का हिस्सा बनना न केवल रोजगार का साधन है, बल्कि यह देश सेवा का एक अवसर भी है।
सीहोर पुलिस ने अपील की है कि जिले के प्रतिभाशाली और इच्छुक युवा इस भर्ती प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और पुलिस विभाग के परिवार का हिस्सा बनें।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सुनीता रावत, डॉ अभिनंदना शर्मा नगर पुलिस अधीक्षक सीहोर, रक्षित निरीक्षक सीहोर उपेंद्र यादव एवं सूबेदार प्राची राजपूत सहित 7वीं वाहिनी भोपाल का पुलिस बैंड दल उपस्थित रहा।
