अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
भेरूंदा – दिनांक 09/04/2026 को वितरण केंद्र भैरुन्दा में मैसर्स अपरवा कंपनी के कर्मचारियों की टीम सुभाष कॉलोनी, भैरुन्दा में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रही थी। तभी कैलाश धावरे पिता रामसिंह धावरे निवासी सुभाष कालोनी भेरुंदा द्वारा वार्ड के लोगों को उकसाया व स्मार्ट मीटर को निकालकर उनमें ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाकर करीबन 13 स्मार्ट मीटरो को जला दिया गया था, साथ ही मीटर लगाने वाले कर्मचारियों के साथ गाली – गलौज व झूमाझटकी भी की गई थी।
क्या कहना है पार्षद प्रतिनिधि का…
वही भाजपा पार्षद प्रतिनिधि कैलाश धावरे ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारी फरवरी माह में भी स्मार्ट मीटर लगाने कर्मचारी गए थे, तब भी वार्ड वासियों ने उन्हें स्मार्ट मीटर लगाने से मना किया था, पार्षद प्रतिनिधि का कहना है कि वार्ड क्रमांक 01 में गरीब वर्ग के लोग रहते हैं, स्मार्ट मीटर में अधिक बिल आता है, जो गरीब लोग भुगतान नहीं कर सकेंगे, जिसके चलते उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने से कर्मचारियों को रोका था।
क्या कहते है, अधिकारी…
वहीं बिजली विभाग के अधिकारी का कहना है कि भैरूंदा क्षेत्र में सभी दूर स्मार्ट मीटर लगना अनिवार्य है, कल बिजली विभाग के कर्मचारी वार्ड क्रमांक 01 में मीटर लगाने गए थे, जिनका भाजपा पार्षद प्रतिनिधि कैलाश धावरे ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और उन्होने ने स्मार्ट मीटर में आग लगा दी। जिसकी जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग द्वारा उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया, वही थाने पहुंचकर भाजपा पार्षद प्रतिनिधि के खिलाफ आवेदन भी दिया गया।
प्रकरण हुआ दर्ज…
वही उक्त कृत्य के सम्बन्ध में मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के सहायक प्रबंधक टेकसिंह पिता श्री बाल्के सिंह द्वारा FIR दर्ज हेतु थाना भैरुन्दा में लिखित आवेदन दिया गया। जिस पर से थाना भैरुन्दा में अनावेदक कैलाश धावरे के विरुद्ध अपराध क्र 198/26 धारा 296(b), 115(2), 324(5), 351(2), 326(f)BNS धारा 138, 140 विद्युत अधिनियम, 2003 के तहत दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
