शिवराज सिंह चौहान का हालिया दिए बयान पर, कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रम मस्ताल का पलटवार…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
बुधनी – देश के कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का हालिया दिए बयान पर कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रम मस्ताल का पलटवार उन्होने कहा कि इंटरव्यू देखकर आश्चर्य होता है। अपने ही सोशल मीडिया मंच पर जारी वीडियो में वे देशभर में मूंग और उड़द की खरीद की बात करते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश का नाम लेने से बचते नजर आते हैं।

उन्होनें कहा कि यह वही मध्य प्रदेश है, जिसे कभी कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा सम्मानित किया गया था और कृषि कर्मण पुरस्कार प्राप्त हुए थे। आज जब स्वयं शिवराज सिंह चौहान देश के कृषि मंत्री हैं, तब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मध्य प्रदेश के किसानों की समस्याओं पर खुलकर बात करने में झिझक क्यों दिखाई दे रही है।

जो नेता कभी किसानों की आय दोगुनी और आठ गुनी होने के बड़े-बड़े दावे करते थे, वे आज समर्थन मूल्य पर मूंग की तुलाई, खाद की उपलब्धता और किसानों की वास्तविक परेशानियों पर मौन क्यों हैं।

बुधनी विधानसभा सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में किसान खाद के लिए परेशान हैं। विशेष रूप से पट्टाधारी किसानों के सामने गंभीर संकट है। उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं है कि खाद किस प्रक्रिया से और कहाँ से प्राप्त होगी। दूसरी ओर किसान डीजल के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। गेहूं खरीदी हो, मूंग खरीदी हो या अन्य कृषि कार्य—किसानों के लिए घंटों और कई-कई दिनों तक लाइन में खड़े रहना अब एक सामान्य व्यवस्था बन चुकी है।

बारिश हो या तेज धूप, किसान लगातार परेशानियों का सामना कर रहा है। लेकिन उसकी पीड़ा सुनने वाला कोई दिखाई नहीं देता। आज प्रदेश का किसान दोगुनी या आठ गुनी आय की बात तो दूर, बढ़ती लागत, कर्ज और अव्यवस्थाओं के बोझ तले दबता जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी बुधनी विधानसभा विक्रम मस्ताल ने शिवराज सिंह चौहान से आग्रह किया है कि वे राजनीतिक भाषणों से आगे बढ़कर किसानों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान दें। किसानों को समय पर खाद, उचित मूल्य, सरल खरीदी व्यवस्था, पर्याप्त डीजल उपलब्धता और फसलों की समयबद्ध तुलाई सुनिश्चित कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान है। यदि किसान कमजोर होगा, तो देश मजबूत नहीं हो सकता। इसलिए सरकार को किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए और मध्य प्रदेश के किसानों के साथ न्याय करना चाहिए।

विक्रम मस्ताल, कांग्रेस प्रदेश सचिव
पूर्व प्रत्याशी, बुधनी विधानसभा (156)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!