अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
भेरूंदा/बुधनी- बुधनी विधानसभा के अंतर्गत निर्माणाधीन 146 B सड़क की पहली ही बारिश में पोल खुल गई है। अभी मानसून पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन पहली ही बारिश की झलक में सड़क कई स्थानों पर उखड़ गई, धंस गई और उसकी गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं बुधनी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विक्रम मस्ताल ने कहा कि यह केवल तकनीकी लापरवाही नहीं, बल्कि जनता के टैक्स के पैसे से किया गया गंभीर भ्रष्टाचार है। जिस सड़क का निर्माण वर्षों से चल रहा है, वह पहली ही बारिश की परीक्षा में पूरी तरह से विफल हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का कार्य कर रही शेपर शुक्ला कंस्ट्रक्शन अपनी नाकामी और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए अब आनन-फानन में मरम्मत कार्य करा रही है। यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ होता, तो पहली ही बारिश में सड़क इस प्रकार क्षतिग्रस्त नहीं होती।

विक्रम मस्ताल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी गंभीर संदेह के घेरे में है। ऐसा प्रतीत होता है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के कारण निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसका खामियाजा आज आम जनता भुगत रही है।
उन्होंने कहा कि वे इस विषय को पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से उठा चुके हैं और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करा चुके हैं, लेकिन आज तक किसी प्रकार की प्रभावी कार्यवाही नही हुई। परिणामस्वरूप जनता के करोड़ों रुपये की राशि घटिया निर्माण की भेंट चढ़ रही है।

विक्रम मस्ताल शर्मा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा सीहोर कलेक्टर से मांग की है, कि –
- 146 B सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए।
- सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर शेपर शुक्ला कंस्ट्रक्शन को ब्लैकलिस्ट (प्रतिबंधित) किया जाए।
- निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्यवाही की जाए।
- घटिया निर्माण के कारण जनता के धन की हुई बर्बादी की राशि दोषी ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों से वसूल की जाए।
- पूरी सड़क का स्वतंत्र गुणवत्ता परीक्षण कराकर दोषपूर्ण हिस्सों का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में जनता की जान-माल को किसी प्रकार का खतरा न हो।
उन्होंने कहा कि जनता का पैसा किसी ठेकेदार और भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। बुधनी विधानसभा की जनता गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की हकदार है और इस विषय को जनहित में लगातार उठाया जाता रहेगा।
विक्रम मस्ताल
प्रदेश सचिव, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी
पूर्व प्रत्याशी, बुधनी विधानसभा
