अमित शर्मा, लाड़कुई/ भेरूंदा
भेरूंदा – लाड़कुई कस्बे में मानसून की पहली बारिश ने जल निकासी की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। नाले की सफाई नहीं होने और उस पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण पानी का बहाव रुक गया, जिससे कई घरों में पानी भर गया और मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष प्रशासन के आदेशानुसार नाले की सफाई कराई थी, जिससे पूरे बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या नहीं आई। लेकिन इस वर्ष बरसात से पहले नाले की सफाई नहीं होने से पहली ही बारिश में लोगों के घरों में पानी घुस गया।

जलभराव से छात्र-छात्राए परेशान नजर आए, बता दे कि कस्बे में कॉलेज की परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन कई छात्र रास्ता बंद होने के कारण परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले पर लगातार हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण से पानी की निकासी बाधित हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों के द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही देखने को नही मिली।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाले की सफाई, अतिक्रमण हटाने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाने की मांग की है, ताकि आगामी बारिश में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
