एडीएम के आश्वासन पर माने किसान, 5 घंटे बाद खत्म हुआ चक्काजाम…

किसान की पूरी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए…

भैरूंदा में किसानों का उग्र प्रदर्शन, 05 किमी लंबा जाम, सड़क पर बनाई दाल-बाटी, किसानों को पिलाई चाय…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
भैरूंदा– मूंग खरीदी की मांग को लेकर आक्रोशित किसानों ने किसान स्वराज संगठन के बैनर तले भैरूंदा मे ट्रैक्टर रेली निकाली ओर दुर्गा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया, इस दौरान इंदौर-भोपाल हाईवे पर 06 घंटे से भी अधिक समय तक यातायात पूरी तरह अवरुद्ध बना रहा, जिससें यात्री वाहनों में सवार यात्रियों को काफी मुसिबतों का सामना करना पड़ा। यह जाम भोपाल इंदौर हाईवे पर 05 किमी तक लगा रहा और कई वाहन फसे रहे। मौके पर पंहुंचे एडीएम की समझाइश और आश्वासन के बाद किसानों ने चक्का जाम तो समाप्त कर दिया। लेकिन शासन ने मूंग की सौ प्रतिशत खरीदी की मांग नहीं मानी तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन की चेतावनी भी किसान नेताओं द्वारा दी गई।

घंटो चला आंदोलन –

100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में भैरूंदा में किसानों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। हजारों किसानों ने कृषि उपज मंडी से विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दुर्गा चौक पहुंचे जहाॅ जमकर नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया, इस दौरान कई घंटे इंदौर-भोपाल मुख्य मार्ग पर चक्काजाम रहा। करीब पांच-छह घंटे तक चले इस आंदोलन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। सैकड़ों छोटे बड़े वाहन घंटों तक सड़क पर फंसे रहे, जिससे आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रातः 09 बजे से ही किसान जुटने लगे –

सुबह 09 बजे से ही किसान कृषि उपज मंडी परिसर में जुटने लगे थे। दोपहर तक हजारों किसान सैकड़ो ट्रैक्टरों के साथ रैली में शामिल हो गए। किसान स्वराज संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि आंदोलन में करीब दो हजार कः करीब ट्रैक्टर और लगभग पांच हजार के करीब किसानों ने भाग लिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मूंग खरीदी में हो रही देरी और सीमित खरीदी व्यवस्था का विरोध मे प्रदर्शन किया।

सड़क पर ही बनाई दाल-बाटी –

आंदोलन के दौरान किसानों ने सड़क को ही अपना डेरा बना लिया। ओर कंडे जलाकर वहीं आटा गूंथा और बाटी तैयार की। अचार के साथ भोजन किया गया तथा चाय बनाकर आंदोलन में शामिल लोगों को पिलाई गई। वही कुछ टोली के रूप मे मुरमुरे खाते नजर आए तो कुछ किसानों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया और सरकार से किसानों के हित में निर्णय लेने की प्रार्थना की। यह दृश्य पूरे आंदोलन का प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना रहा।

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा ऑदोलन- किसान नेता

किसान स्वराज संगठन के पदाधिकारी गजेंद्र जाट ने कहा कि किसानों की मुख्य मांग प्रदेश में मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करना तथा प्रति एकड़ कम से कम 06 क्विंटल उपज की खरीदी करना है। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में किसानों की मूंग खरीदी से बाहर रह जाने की आशंका है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन किसानों की मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

पांच किमी लम्बा लगा जाम-

इंदौर-भोपाल मुख्य मार्ग पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। यात्री बसों एवं अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया, लेकिन इसके बावजूद कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन लगातार किसान नेताओं से चर्चा करता रहा ताकि आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।

मुख्यमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन, दिया आश्वासन-

घंटो कलेक्टर का इंतजार करने के बाद एडीएम ब्रजेश सक्सेना भैरूंदा पहुंचे और किसान प्रतिनिधियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों की सभी मांगें गंभीरता से सुनीं तथा शासन स्तर पर उन्हें पहुंचाकर नियमानुसार उचित कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान नेताओं ने एडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने शांतिपूर्वक चक्काजाम समाप्त कर दिया और आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि किसान नेताओं ने चेतावनी दी है, कि यदि जल्द ही मूंग खरीदी को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!