थाना भेरुंदा तक पहुंची शिकायत, कार्यवाही की आस में पीड़ित…
– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
नगर में निजी फायनेंस कम्पनी के फर्जीवाड़े का प्रशासन ने भंडाफोड़ किया था। शिकायत के बाद भैरुंदा नगर की निजी फायनेंस कम्पनी पर दबीश देकर दस्तावेज खंखाले थे। बताया जा रहा था कि यहां डुप्लीकेट सील बनाकर पट्टे के आधार पर लोन दिया जा रहा था। जिसके बाद फिर एक ओर मामला प्रकाश में आया है जहां उपभोक्ताओं से लोन कराने के नाम पर पैसे ऐठे गए है।

मामला भैरुंदा नगर का है जहां एक गल्ला दुकानदार से लोन दिलाने के नाम पर पैसे ले लिए गए। जिसकी शिकायत पीड़ित व्यक्ति ने भैरुंदा थाना प्रभारी को शिकायती आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की है। शिकायकर्ता संतोष साहू आत्मज धनराज साहू निवासी सर्वहारा कॉलोनी ने आवेदन में बताया कि भैरुंदा के मंडी कॉम्प्लेक्स के बाहर मेरी गल्ले की दुकान है। जहां चन्द्रशेखर नामक व्यक्ति जिनका ऑफिस पटेल कॉम्प्लेक्स में स्थित है वह आए और कहने लगे कि आप अपना आधार और पेन कार्ड मुझे दे दो मैं आपको लोन करवा दूंगा।

जिसके लिए दस्तावेज ले लिए गए तथा अगल-अलग समय में 27,000/- रुपए ले लिए। जब भी उक्त व्यक्ति से लोन के बारे में जानकारी लेना चाही तो वह गुमराह करते रहे। जब लोन करवाने के नाम पर लिए गए पैसे वापस देने की बात कही तो कहा कि पैसे तो खर्च हो गए। तुम्हारा लोन भी नही हो रहा है और पैसे वापस भी नही कर रहा है तथा पैसे वापस मांगने पर अभद्रता की जाती है। जिसकी शिकायत पीड़ित द्वारा भैरुंदा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को आवेदन सौपकर कार्यवाही की मांग की।
नही थम रहा लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा-
फर्जीवाड़ा कर उपभोक्ताओं को अपनी जाल में फंसाने का सिलसिला थमने का नाम नही रहा है। नगर में बड़ी तादाद पर दुकानों में ऑफिस खोलकर भोले-भाले लोगो को लोन के तरह तरह के लोभ-लुभावन बात कर पैसे ऐठे जा रहे है और जब उपभोक्ता का लोन नही होता है तो उन्हे गुमराह करते है। ऐसे फर्जीवाड़े से लोन करने वाले लोगो को लेकर प्रशासन कोई ठोस कदम नही उठा रहा है, इसी के चलते इनके हौसले बुलंद होते जा रहे है।
शिकायकर्ता संतोष साहू
