शनिवार को 06 हैक्टेयर भूमि को अतिक्रमण कारियों से कराया मुक्त…

लाड़कुई में ग्रामीणों की जागरूकता व खबर प्रकाशन के बाद कुंभकरणीय नींद से जागा वन अमला…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
बुदनी, रेहटी व लाड़कुई वन परिक्षेत्र की 10 हजार हैक्टेयर से भी अधिक भूमि पर दबंगो या ग्रामीणों का कब्जा जमा हुआ है। जिसके चलतें पिछले दिनों समाचार के माध्यम से विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया था। समाचार के प्रकाशन के बाद जिला वनाधिकारी ने मामले में संज्ञान लेते हुए कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर शनिवार को लाड़कुई वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाश उईके ने नयापुरा बीट के तहत आने वाले रफीकगंज वन क्षेत्र में पहुंचकर वन भूमि पर अतिक्रमण कर खेती कर रहे दबंगो से वन भूमि को छुड़ाया। लगभग 03 घंटे से भी अधिक समय तक चली कार्यवाही में 06 हैक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। 

वन परिक्षेत्र अधिकारी का कहना है, कि बरसात शुरु होने के कारण वह कब्जा हटाने की कार्यवही नहीं कर सके, लेकिन विभाग के द्वारा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। वहीं दूसरी ओर वन भूमि पर अतिक्रमण के मामले में बुदनी व रेहटी वन परिक्षेत्र अधिकारी ने अब तक कोई कार्यवाही शुरु नहीं की है। जिसका नतीजा यह हैं कि अभी भी बैखोफ तरीके से वन भूमि पर खेती करने व हरे भरे जंगलों को कांटने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार व शनिवार की दरमियानी रात को भी रेहटी वन परिक्षेत्र के तहत आने वाले चकल्दी सर्किल से दर्जनों सिल्लियां फर्नीचर मार्ट व रेहटी में संचालित आरामशीन पर पहुंचाई गई।

 उल्लेखनीय हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र में वनों की अवैध कटाई का सिलसिला लगातार जारी है। हजारों एकड़ में वन भूमि पर दबंगो का कब्जा है ओर हरे-भरे पेड़ो की बली प्रतिदिन चढ़ रही है। बावजूद इसके वन विभाग का अमला कार्य़वाही करने से संकोच कर रहा है। लगातार वनो की कटाई को देखते हुए मीडिया के द्वारा समाचार का प्रकाशन किया गया, जिसका नतीजा यह निकला कि केवल लाड़कुई वन परिक्षेत्र अधिकारी ने ही अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरु की है। लाड़कुई रेंजर प्रकाश उईके ने बताया कि वनभूमि से कब्जा हटाने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

एसडीओ ने की रेहटी क्षेत्र में जांच- 

बुदनी एसडीओ सुकृति ओसवाल ने शनिवार दोपहर को रेहटी वन परिक्षेत्र के कार्यालय में पहुंचकर जांच की और चकल्दी क्षेत्र के जंगलो में जांच के लिए वन अमले की टीम को भेजा। जांच में क्या मामले सामने आये यह स्पष्ट नहीं हो सका। एसडीओ का कहना हैं कि जंगल परिक्षेत्र बड़ा है, जिसके चलतें जंगलो पर पहुंचकर जांच की जायेगी। उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फर्नीचर मार्ट व आरा मशीनों पर आसानी से पहुंच रही कीमती सागौन- 

चकल्दी व रेहटी में संचालित फर्नीचर मार्ट व आरा मशीनों पर अभी भी रात के अंधेरे में कीमती सागौन की लकड़िया वन माफियाओं के द्वारा पहुंचाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार व शनिवार की दरमियानी रात को इन सभी जगहों पर आसानी के साथ सागौन की लकड़िया पहुंचाई गई। है। जब इस संबंध में एसडीओ सुकृति ओसवाल से जानकारी लेना चाही तो उन्होंने बताया कि शीघ्र ही फर्नीचर मार्ट व आरा मशीनों पर छापामार कार्यवाही करते हुए जांच की जाएगी। रेहटी नगर में वर्षों से आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा हैं इनकी जांच भी शीघ्र किये जाने के आदेश दिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!