घर-घर जाकर बच्चों की जांच और बीमारियों की पहचान करें- कलेक्टर श्री सिंह..
– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
- टीएल मीटिंग कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी जिला प्रमुखों के विभागवार लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का 81.49 वेटेज स्कोर के साथ निराकरण कर प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए सभी जिलाधिकारियों को बधाई देते हुए आगामी माह में प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में सीहोर का प्रथम स्थान बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता के साथ प्रयास करने के लिए कहा। श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को पूर्व से विभागीय लंबित आवेदनों के निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी विभाग की 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। उन्होंने विभागवार सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होनें वन व्यवस्थापन के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के कार्य तथा वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक वृक्षारोपण के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बरिश से कार्य प्रभावित न हो, वहां जल गंगा संर्वधन अभियान के तहत जल संरक्षण गतिविधियां जारी रखी जाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधान कालेज ऑॅफ एक्सिलेंस में कैंपस डेवलपमेंट का कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार भवन की पुताई, गेट, डिजाइन, रंग, साईनेज लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पानी एवं बिजली की अबाधित व्यवस्था, वाटर टैंक, माइनर लैंडस्केपिंग, पौधे एवं एप्रोच रोड वर्क तथा गर्ल्स हाइजीन के लिए इंसिनिरेटर संबंधी कार्य अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को अपने निजि तथा अनुबंधित वाहनों में हाई सैक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए। वर्षा ऋतु में गंदगी फैली रहने के कारण बीमारियों की संभावना बनी रहती है। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी नगीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर की बेहतर ढंग से साफ-सफाई की जाए तथा नियमित कचरे का निष्पादन किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के नालों की सफाई के भी निर्देश दिए।
एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण –
टीएल मीटिंग के दौरान कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी माता जी के साथ अथवा स्वर्गीय माता जी की स्मृती में पौधा लगाने का आवाहन किया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 03 जुलाई प्रात: 09:30 बजे अपनी माता जी के साथ अथवा स्वर्गीय माता जी की स्मृति में कलेक्टर कार्यालय परिसर में पौधारोपण करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपनी माता जी को अपने कार्यालय का अवलोकन कराने के लिए भी कहा।
भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश –
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने रेल, नेशनल हाईवे एवं सिंचाई परियोजनाओं सहित अन्य शासकीय कार्यों के लिए भूमि अधिग्रहण तथा मुआवजा वितरण की समीक्षा करते हुए राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यवाही तेजी से की जाए ताकि परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। बैठक में भूअर्जन के प्रकरणों के संबंध में जानकारी दी गई कि रामगंज मण्डी रेल लाईन परियोजना के 09 ग्रामों के 342 किसानों को भू-अर्जन की मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया है। पर्वती परियोजना के 20 ग्रामों के भू-अर्जन के मामले के 1235 किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया है। इसी प्रकार आष्टा जनपद के अंतर्गत कान्याखेड़ी परियोजना के 04 ग्रामों के 341 किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार बुधनी इंदौर रेल लाईन के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया प्रचलन में है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन विभागों को शासकीय भूमि आवंटित की गई है उन विभागों के अधिकारी राजस्व रिकार्ड में विभाग के नाम से दर्ज कराएं।
घर-घर जाकर बच्चों की जांच करें दस्तक दल –
आगामी 27 अगस्त तक दस्तक अभियान के प्रथम चरण का संचालन हो रहा है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि दस्तक अभियान के दौरान घर-घर जाकर बच्चों की जांच करें और बीमारियों की पहचान कर आवश्यक उपचार करें। उन्होंने दस्तक दल को एचबी परीक्षण, एनीमियां चिन्हांकन, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन, डायरिया चिन्हांकन एवं प्रबंधन, जन्मजात विकृति चिन्हांकन तथा छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी 06 माह में जिले के 250 अधिकारी-कर्मचारी होंगे रिटायर –
बैठक में श्री सिंह ने कह कि आगामी 06 माह में जिले के 250 अधिकारी-कर्मचारी रिटायर होंगे। उनके रिटायरमेंट की सभी कार्यवाही अभी प्रारंभ कर दी जाए ताकि सेवा निवृत्ति के साथ ही पेंशन भी मिलना प्रारंभ हो जाए। उन्होंने ट्रेजरी आफिसर को निर्देश दिए कि सभी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को सभी क्लेम समय पर मिले। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में नियमों को ध्यान में रखकर ही कार्रवाई की जाए। सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण होना चाहिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम राधेश्याम बघेल, जमील खान, मदन सिंह रघुवंशी, तन्मय वर्मा, स्वाति मिश्रा सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। सभी जनपदों से जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
