नियमित आपूर्ति ना होने से ग्रामीण नहीं कर रहे जलकर का भुगतान – ग्राम पंचायत पर जलकर का बकाया 24 लाख रुपये… 

जल निगम के अधिकारियों ने लाडक़ुई पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं – नियमित जल सप्लाई का दिया आश्वासन…

अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
मरदानपुर पेयजल योजना के तहत भेरुंदा क्षेत्र के लाडक़ुई गांव सहित आसपास के गांवो में एक दिन छोडक़र हो रही पानी की सप्लाई से ग्रामीण परेशान हैं। कभी-कभी तो तीन से चार दिनों तक पानी नहीं मिल पाता हैं, ऐसे में ग्रामीणों द्वारा लगातार इसकी शिकायत जल निगम के अधिकारियों से की जा रही थी। लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा था। पेयजल योजना के तहत लाडक़ुई के कई नलों में जलापूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों में जल निगम के प्रति आक्रोश देखा जा रहा था। नियमित सप्लाई ना होने पर बीते दिवस ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम से लेकर कलेक्टर से भी कर चुके हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बीते दिवस लाडक़ुई में जल निगम भोपाल से आए अधिकारी सुनिल नागर ने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने कई तरह के आरोप भी लगाये। नागर ने बताया कि इस वर्ष लगातार हो रही बारिश के कारण आईपीएस कांकरिया में 630 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब हो गया है, जिसकी मरम्मत नहीं हो पा रहा है, जिसके चलतें कांकरिया जोन व भैंसान जोन में जलापूर्ति के लिए 350 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जिससे जल सप्लाई नियमित किये जाने में समस्या आ रही है। जलापूर्ति नियमित किये जाने के लिए ट्रांसफॉर्मर को लगातार विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसके चलतें पेयजल आपूर्ति में समस्याएं आ रही है। ट्रांसफॉर्मर दुरुस्त होने के बाद नियमित सप्लाई दिये जाने का आश्वासन जल निगम के अधिकारी द्वारा दिया गया। 

जलकर का करे समय पर भुगतान नहीं होगी सप्लाई बधित-

ग्रामीणों व जल निगम के अधिकारियों के बीच हुई चर्चा में अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा अब जलकर में वृद्धि की जा चुकी हैं। जहां परियोजना के शुरु होने पर प्रति हजार लीटर 3.25 जलकर वसूला जाता था तो वहीं अब इसी माह से 6.50 रुपए के लगभग कर दिया गया है, जिसके चलतें अब पूर्व की अपेक्षा नल-जलकर 100 रुपए से बढक़र 200 रुपए प्रतिमाह उपभोक्ता से लिया जायेगा। इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव द्वारा ग्रामीणों को बताया कि इस माह जल निगम द्वारा ग्राम पंचायत लाडक़ुई को 01 लाख 04 हजार रुपए का बिल दिया गया है, जिसे ग्रामीणों से वसूलकर निगम को दिया जाना है। जलकर की वसूली नियमित नहीं होने से जल निगम को भी आर्थिक खर्च बहन करना पड़ रहा है। निगम के अनुसार प्रति व्यक्ति 55 लीटर पानी देने का प्रावधान हैं। निगम द्वारा एक परिवार में 06 सदस्य के मान से एक कनेक्शन पर 350 लीटर पानी दिया जाता है। ट्रांसफार्मरों की मरम्मत होने के बाद निगम से इस माह जलापूर्ति भी बड़ा दी है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक ग्राम पंचायत लाडक़ुई ने दो माह से जलकर का भुगतान नहीं किया है। ग्राम पंचायत लाडक़ुई को अब तक जलकर के रूप में 24 लाख 05 हजार  रुपए की राशि निगम को देना शेष है। 

ग्रामीणों ने कहा – दो साल से नल में नहीं आया एक बूंद भी पानी…

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए शासन द्वारा शुरु की गई मरदानपुर पेयजल योजना के तहत क्षेत्र की अधिकांश ग्राम पंचायतों में नियमित सप्लाई नहीं हो पा रही हैं। ग्राम पंचायत लाडक़ुई की बात करें तो यहां पर लगभग तीन टंकियों से 1200 उपभोक्ताओं को जलापूर्ति किये जाने का दावा किया जा रहा हैं। लेकिन वास्तविकता इसके विपरित है। 1200 नल कनेक्शन में से कई कनेक्शन ऐसे है  जिनमे करीब 2 वर्षो से पानी नही आ रहा है, जिसको लेकर ग्रामीणों  द्वारा शिकायत भी की, लेकिन को समाधान नही निकला। गांव के कैलाश खंडेलवाल व नरेंद्र शर्मा ने बताया कि लगभग 02 वर्ष से उनके साथ लगभग 19-20 कनेक्शन में पानी नहीं आया। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पानी ना आने की शिकायत बालमेन से किये जाने के बाद भी कोई हल आज तक नहीं निकल सका है। ऐसा ही हालात चकल्दी, बनियागांव, अमीरगंज में भी देखने को मिले है। 

बालमेन ने बताया ग्रामीण नहीं देते जलकर-

लाडक़ुई के बालमेन भगवत मीणा ने बताया कि जब से मरदानपुर पेयजल परियोजना शुरु हुई हैं तब से अब तक कुछ ग्रामीण यह कहकर जलकर नहीं देते हैं कि उनके घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही हैं, लेकिन उनके घरों में भी पानी पहुंच रहा है। इस पर सहायक प्रबंधक सुनिल नागर ने बताया कि जलकर की वसूली का काम बालमेन का ही हैं। लाडकुई में तीन बालमेन नियुक्त हैं। बावजूद जल निगम के पास हर माह जलकर की राशि नहीं पहुंच पा रही है। जिससे पंचायतों पर इसका भार बड़ रहा है। यदि कोई उपभोक्ता जलकर राशि जमा नहीं करता हैं तो बालमेन इसकी शिकायत ग्राम सरपंच से करे। सरपंच द्वारा इस मामले में ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई करेगा। इस मामले में जल निगम के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की हैं कि नियमित जलापूर्ति के लिए पंचायत व बालमेन को सहयोग प्रदान करे, जिससे कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!