– अमित शर्मा, लाड़कुई/भेरूंदा
मंगलवार को भेरूंदा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी दिनों में आने वाले त्यौहार बाबा रामदेव दशमी, ढोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी, ईद मिल्लादुन्नबी का त्यौहार हर्षोल्लास व शांति पूर्वक मनाने की अपील की गई। बैठक के दौरान नगर के व्याप्त कई समस्याएं भी उभर कर सामने आई। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों व आम लोगों के द्वारा साफ- सफाई व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, जल निकासी, विद्युत व्यवस्था, अतिक्रमण, मूर्ति विसर्जन, गौ माता जैसे कई गंभीर मुद्दो पर निराकरण किये जाने के संदर्भ में मांग रखी। लगातार हो रही विद्युत की अव्यवस्था को लेकर लोगों ने मांग की हैं कि इस व्यवस्था में सुधार लाया जाए।
वही नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों के द्वारा बताया गया कि समय पर सफाई नहीं होने से कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर के पार्किंग व्यवस्था का आभाव है, जिससे आये दिन जाम के हालात निर्मित होते हैं। जल की निकासी नहीं होने से वार्डों में जलभराव की स्थिति देखी जा रही हैं।
वही मौजूद लोगों ने सड़को पर निराश्रित गौवंश की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए, जिसमें प्रशासन के द्वारा कोई पुख्ता कदम नहीं उठाये जाने के साथ गौवंश के लगातार दुर्घटनाग्रस्त होने की बात कही। एक युवक ने गौवंश के दिवंगत होने पर नगर पंचायत कर्मचारियों के द्वारा उसे उठाने के नाम पर राशि मांगे जाने की बात कहीं। युवक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की पालतू गौवंश है और यदि कोई घटना घटित होती हैं तो नगर परिषद उसे उठाने के लिए अपनी ओर से कोई भी शुल्क निर्धारित करे, जिससे कि गौवंश को उठाते समय कर्मचारियों के द्वारा अनावश्यक पैसों की मांग ना की जाए। वही इस बात पर नगर परिषद अध्यक्ष मारूति शिशिर द्वारा कोई शुल्क लगाने से इन्कार करते हुए, उक्त कर्मचारी पर कार्यवाही की बात कही।

वही 14 सितंबर से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। जिसको लेकर कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी नागरिकों से अपने घर, मकान, दुकान, कार्यालयो और संस्थानों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। इसी संदर्भ मे एसडीएम मदनसिंह रघुवंशी द्वारा बैठक में जानकारी देते हुए, आम जन से अपील करते हुए, अभियान से जुड़ने की बात कही। जिस पर इन्दौर नगर हमेशा सफाई में प्रथम स्थान पर आता है हम भी प्रयास करे, कि हमारा नगर भी प्रथम आए, आस-पार गंदगी ना फैलने दे समय-समय पर सफाई अभियान चलाए।

वही थाना प्रभारी घनश्याम दाॅगी द्वारा सुरक्षा समिति व शांति समिति के गठन की बात कही, थाना प्रभारी ने कहा कि कभी-कभार कुछ घटनाओ मे थाना बल कम होता है, ऐसे मामले को लेकर कुछ स्थानीय लोगो की आवश्यकता होती है जो लोगो को समझा सके या मामले मे मध्यस्थता कर दोनों पक्षों को समझाइश दे, इसके साथ ही विशेष आयोजन मे पुलिस बल के साथ सहयोग प्रदान कर अव्यवस्था न होने दे, इसको लेकर समिति का गठन किया जाना है जो एक्टिव भी हो ऐसे व्यक्तियो को जोड़कर समिति तैयार की जाए, जिससे पुलिस को सहयोग मिल सके ओर शांति व्यवस्था बरकरार रहे।
नर्मदा व अंबर नदी पर होगा मूर्ति विसर्जन-
बैठक मे एसडीएम मदनसिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी घनश्याम सिंह दांगी, नप अध्यक्ष मारूति शिशिर ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नर्मदा व अंबर नदी में किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन के द्वारा पहले से ही कुंड की व्यवस्था की जाएगी। जहां पर समितियों के सदस्यों का जाना प्रतिबंधित रहेगा। नगर परिषद के कर्मचारी कुंड में मूर्तियों का विसर्जन करेंगे। नदी के आसपास बच्चों के जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। बरसात अत्याधिक होने की दशा में प्रशासन के द्वारा समय पर व्यवस्था में परिवर्तन भी किया जा सकता है। वर्तमान में बरसात अत्याधिक होने से अंबर व नर्मदा नदी में जलस्तर में वृद्धि हुई हैं। ऐसे में ऐतिहात के तौर पर नदी के किनारों पर जाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। वही कोई अप्रिय घटना ना हो इसके लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, वहीं स्थानीय गोताखोर की मौजूदी भी रहेगी।
ढोल ग्यारस पर वाहनों का प्रवेश वर्जित-
नगर की परम्परानुसार इस वर्ष भी गांधी चौक छोटाबाजार में ढोल ग्यारस के पर्व पर मां यशोदा व भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना महिलाओं के द्वारा की जाएगी। एक दर्जन ढोल विभिन्न मंदिरों के यहां पर आकर रखे जाते हैं ओर शाम होते ही महिलाए पूजा के लिए पहुंचती है। इस दिन महिलाओं के द्वारा मां यशोदा की गोद भरी जाती हैं। महिलाओं की अत्यधिक भीड़ व मेले के आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने यहां पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया हैं। इस दौरान बैठक में जन प्रतिनिधि, नगरवासी, अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे।
